उड़ीसा से बानो और बसिया के रास्ते रांची ले जाई जा रही अवैध सखुवा लकड़ी की बड़ी खेप को वन विभाग की टीम ने पकड़ लिया. गुप्त सूचना के आधार पर विभाग ने कार्रवाई करते हुए लकड़ी से लदे ट्रक को रोकने की कोशिश की. वन विभाग की घेराबंदी देखकर चालक ने ट्रक लेकर भागने की कोशिश की.
कुरकुरा से बसिया तक वन विभाग की टीम ने ट्रक का पीछा किया. पोकटा डैम के पास टीम को अपने करीब आता देख चालक ने चलते ट्रक से छलांग लगा दी. चालक के कूदते ही वाहन अनियंत्रित होकर पोकटा डैम में जा गिरा. बाद में क्रेन की मदद से ट्रक और उसमें लदी लकड़ियों को बाहर निकाला गया.
गुप्त सूचना पर वन विभाग ने की नाकाबंदी
वनपाल शेखर सिंह को सूचना मिली थी कि उड़ीसा से सखुवा के बड़े-बड़े बोटे लादकर एक ट्रक बानो और कुरकुरा-बाकू टोली के रास्ते रांची की ओर जा रहा है. सूचना मिलते ही वनपाल ने टीम गठित कर बानो-कुरकुरा मार्ग पर निगरानी बढ़ा दी और ट्रक को पकड़ने के लिए नाकाबंदी की.
कामडारा-कुरकुरा के पास वन विभाग की टीम को देखते ही चालक ने ट्रक की रफ्तार बढ़ा दी. इसके बाद वन विभाग के जवानों ने वाहन से उसका पीछा शुरू कर दिया. काफी दूर तक पीछा करने के बाद टीम ट्रक के करीब पहुंचने में सफल रही.
क्रेन से निकाली गई सखुवा की लकड़ी
बसिया के पोकटा डैम के पास वन विभाग की टीम ट्रक के काफी करीब पहुंच गई. पकड़े जाने के डर से चालक ने चलते वाहन से छलांग लगा दी और मौके से फरार हो गया. चालक के कूदते ही तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर डैम में जा गिरा.
इसके बाद वनपाल शेखर सिंह ने क्रेन मंगवाकर ट्रक को बाहर निकलवाया. कई घंटे की मशक्कत के बाद पानी में डूबे वाहन और उसमें लदी सखुवा की लकड़ियों को बाहर निकाला गया. वन विभाग ने ट्रक और लकड़ी को जब्त कर लिया है.
फरार चालक की तलाश की जा रही है. इसके साथ ही वन विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि अवैध लकड़ी की इस खेप के पीछे कौन लोग हैं और इसे उड़ीसा से रांची तक पहुंचाने वाले गिरोह में कौन-कौन शामिल है.
Also Read : प्रधानमंत्री मोदी की सुरक्षा में चूक, फर्जी PMO ID के साथ युवक गिरफ्तार

