Jamshedpur : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में आकाशदीप प्लाजा के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। सड़क किनारे पैदल जा रही एक महिला को तेज रफ्तार ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास मौजूद लोग तुरंत उसकी मदद के लिए पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रेलर तेज रफ्तार में था और चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था। लोगों ने बताया कि महिला को टक्कर मारने के बाद चालक ने ट्रेलर रोकने के बजाय कुछ दूर तक वाहन आगे बढ़ाया। लेकिन जब मौके पर लोगों की भीड़ जमा होने लगी तो चालक ट्रेलर को सड़क पर ही छोड़कर फरार हो गया। हादसे की वजह से कुछ देर तक इलाके में यातायात बाधित रहा और सड़क पर जाम की स्थिति बन गई।
सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर थाने भिजवा दिया। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटानी शुरू कर दी। स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। फिलहाल पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है। इसके लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही ट्रेलर के रजिस्ट्रेशन नंबर के जरिए वाहन मालिक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। शुरुआती जांच में पुलिस ने तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना है।
Also Read : बोकारो में नशा तस्करों पर पुलिस का वार, बिहार भेजे जाने से पहले 47 किलो गांजा जब्त


