Chatra : झारखंड के चतरा जिले में हंटरगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड-बिहार सीमा के गोसाईडीह के पास से 14 लाख 50 हजार रुपये मूल्य की अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 2.900 किलोग्राम अफीम, दो मोबाइल फोन और 1200 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति टेंपो से अफीम लेकर चतरा-जोरी मार्ग होते हुए बिहार के गया की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर हंटरगंज पुलिस ने तुरंत टीम गठित कर गोसाईडीह के पास सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक सवारी टेंपो को रोका गया, लेकिन उसमें बैठा एक व्यक्ति काले रंग का पिट्ठू बैग लेकर अचानक कूदकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तार तस्कर की पहचान और बरामदगी
गिरफ्तार तस्कर की पहचान अनिल कुमार यादव के रूप में हुई है, जो चतरा सदर थाना क्षेत्र के सिकिद गांव का रहने वाला है। उसके बैग की तलाशी लेने पर भारी मात्रा में अफीम बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अफीम को दिल्ली ले जाकर किसी अन्य तस्कर को सौंपने वाला था। इसके बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। सप्लायर नेटवर्क की तलाश में आगे की जांच जारी है। इस कार्रवाई में एसडीपीओ संदीप सुमन, पुलिस इंस्पेक्टर विपिन कुमार, हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार, सब-इंस्पेक्टर दिलीप कुमार समेत कई जवान शामिल रहे। पुलिस ने इसे एक बड़ी सफलता बताया है, खासकर बिहार सीमा पर सक्रिय नशा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ।
Also Read : कांग्रेस अध्यक्ष पर भड़के वित्त मंत्री, JTET भाषा विवाद में रुख साफ नहीं करने पर निशाना


