मुस्कान चौधरी
कथित शराब घोटाला मामले में जांच कर रही प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव के बेटे रोहित उरांव पेश हुए। ईडी के दूसरे समन के बाद रोहित तय समय पर रांची स्थित क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचे। जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अधिकारियों ने उनसे पूछताछ शुरू कर दी। ईडी ने इससे पहले रोहित उरांव को 29 जून और रामेश्वर उरांव को 30 जून को पूछताछ के लिए बुलाया था। हालांकि, दोनों निर्धारित तारीख पर पेश नहीं हुए। उन्होंने ईडी से तीन सप्ताह का अतिरिक्त समय मांगा था।
एक सप्ताह की मोहलत के बाद जारी हुआ दूसरा समन
दोनों के अनुरोध पर विचार करने के बाद ईडी ने तीन सप्ताह की बजाय एक सप्ताह का समय दिया। इसके बाद रोहित उरांव को 6 जुलाई और रामेश्वर उरांव को 7 जुलाई को पूछताछ के लिए उपस्थित होने का दूसरा समन जारी किया गया। सूत्रों के अनुसार, ईडी योगेंद्र तिवारी से जुड़े कथित शराब घोटाले की जांच के सिलसिले में यह पूछताछ कर रही है। इसी मामले में रोहित उरांव को दोबारा समन भेजकर रांची स्थित ईडी कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया था। ईडी ने पूर्व मंत्री रामेश्वर उरांव को भी 7 जुलाई को पूछताछ के लिए बुलाया है। अब इस मामले में जांच एजेंसी उनसे भी सवाल-जवाब करेगी। इस पूछताछ पर सभी की नजरें टिकी हैं, क्योंकि ईडी शराब घोटाले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच आगे बढ़ा रही है।
Also Read : BREAKING: तीन जिले की पुलिस के साथ अपराधी की मुठभेड़, प्रिंस खान गैंग से जुड़े कुख्यात शिवराज को लगी गोली

