Johar Live Desk : भारतीय क्रिकेटर स्मृति मंधाना और म्यूजिक कंपोज़र पलाश मुछाल की शादी को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार रूमर्स फैल रहे हैं। दावा किया जा रहा था कि दोनों 7 दिसंबर को शादी करने वाले हैं और इस समारोह में सिर्फ परिवार के लोग ही शामिल होंगे। लेकिन अब स्मृति मंधाना के भाई श्रवण मंधाना ने इन अफवाहों को स्पष्ट रूप से खारिज कर दिया है। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, “मुझे ऐसी किसी शादी की तारीख की जानकारी नहीं है। फिलहाल शादी पोस्टपोन है।”
क्यों टली थी शादी?
पलाश और स्मृति 23 नवंबर को महाराष्ट्र के सांगली में शादी करने वाले थे। हल्दी और मेहंदी की रस्में भी पूरी हो चुकी थीं, लेकिन शादी वाले दिन स्मृति के पिता श्रीनिवास मंधाना की तबीयत अचानक खराब हो गई, जिसके बाद शादी को आगे बढ़ा दिया गया। इसके बाद स्मृति ने अपने इंस्टाग्राम से सभी रस्मों की तस्वीरें हटा दीं, जिससे सोशल मीडिया पर तरह-तरह की बातें फैलने लगीं।
चीटिंग के आरोप और सोशल मीडिया हलचल
कुछ सोशल मीडिया यूज़र्स ने पलाश मुछाल पर स्मृति को चीट करने का आरोप भी लगाया। हालांकि इन अफवाहों के बीच दोनों ने अपने इंस्टाग्राम बायो अपडेट कर एक “नज़र इमोजी” जोड़ा, जिसे लोग बुरी नजर से बचने का संकेत मान रहे हैं।
पलाश पहली बार आए पब्लिकली नजर
शादी टलने और सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं के बाद सोमवार को पहली बार पलाश सार्वजनिक रूप से दिखाई दिए। वे अपने माता-पिता के साथ एयरपोर्ट पर स्पॉट हुए, जहां वे काफी गंभीर नजर आए और पैपराज़ी के अभिवादन का जवाब भी नहीं दिया।

