Johar Live Desk : वाराणसी के बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में बीती देर रात भारी हंगामा हो गया। छात्रों और सुरक्षाकर्मियों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई, जिसमें एलडी गेस्ट हाउस के बाहर रखे 20 से ज्यादा सजावटी गमले टूट गए। स्थिति बिगड़ने पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों को हॉस्टलों की ओर दौड़ाया। करीब दो घंटे तक कैंपस में तनाव और अफरातफरी बनी रही।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
घटना की शुरुआत तब हुई जब मुंह बांधकर कुछ छात्र एक दूसरे छात्र को घेरकर पीट रहे थे। मौके पर पहुंचे सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोककर प्रॉक्टोरियल बोर्ड के हवाले कर दिया। इसके बाद कई हॉस्टलों से आए छात्र सुरक्षाकर्मियों से भिड़ गए। रिपोर्ट के मुताबिक कई गार्ड्स को गंभीर चोटें आईं। वहीं छात्रों का आरोप है कि सुरक्षाकर्मियों ने उन पर पहले लाठीचार्ज किया, जिससे 10 से ज्यादा छात्र घायल हो गए।
कुलपति आवास के बाहर धरना और उसके बाद पत्थरबाजी
लाठीचार्ज के बाद छात्रों ने हॉस्टल से निकलकर कुलपति आवास के बाहर धरना शुरू कर दिया। धरने के दौरान विवाद बढ़ गया और अचानक पत्थरबाजी होने लगी। गुस्साए छात्रों ने एलडी गेस्ट हाउस चौराहे पर पहुंचकर वहां रखे गमले तोड़ दिए।
पुलिस ने किया बल प्रयोग
हालात नियंत्रण से बाहर होने पर पुलिस ने बल प्रयोग शुरू किया। इसके बाद कैंपस का माहौल और तनावपूर्ण हो गया। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
शुरुआती वजह : एक छात्र का आरोप
मामला 2 दिसंबर की शाम शुरू हुआ था, जब राजा राम मोहन रॉय हॉस्टल का एक छात्र बाइक एक्सीडेंट में घायल होने के बाद शिकायत लेकर प्रॉक्टोरियल बोर्ड पहुंचा। छात्र का आरोप है कि उसकी बात सुनने के बजाय उसे भगा दिया गया। इसकी जानकारी मिलने पर राजा राम मोहन रॉय, बिरला और अन्य हॉस्टलों के छात्र एकत्र हो गए और विरोध शुरू कर दिया। आरोप है कि प्रॉक्टोरियल बोर्ड के जवानों ने छात्रों पर लाठीचार्ज किया, जिसके बाद छात्रों ने पथराव किया।


