नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने गहरा दुख जताया है. उन्होंने कहा कि वह मंगलवार को काठमांडू के लिए रवाना हुए थे और उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि पहाड़ी इलाकों में ऐसी भयावह प्राकृतिक आपदा आ चुकी है, जिसने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है.
थरूर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि काठमांडू पहुंचने के बाद उन्हें जान-माल के भारी नुकसान की जानकारी मिली. उन्होंने पीड़ितों और उनके परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि नेपाल को इस मुश्किल समय में हरसंभव मदद की जरूरत है. उन्होंने नेपाल के लिए भारत सरकार की तत्काल राहत सहायता की घोषणा का भी समर्थन किया.
लापता लोगों के लिए प्रार्थना की, कहा – जल्द सुरक्षित मिले परिजनों से
नेपाल के रसुवा जिले और तिब्बत सीमा से सटे इलाकों में आई अचानक बाढ़ ने व्यापक तबाही मचाई है. भोटेकोशी और त्रिशूली नदी के आसपास कई इलाके प्रभावित हुए हैं. ताजा रिपोर्टों के अनुसार, नेपाल और तिब्बत में बड़ी संख्या में लोगों की मौत हुई है और सैकड़ों लोग अब भी लापता हैं. राहत और बचाव अभियान जारी है, लेकिन दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और क्षतिग्रस्त सड़कों के कारण बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है.
थरूर ने अपने संदेश में भारतीय पर्यटकों और कैलाश-मानसरोवर यात्रा पर गए श्रद्धालुओं का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि उनका दिल आपदा के पीड़ितों और उनके प्रियजनों के साथ है तथा लापता लोगों के जल्द सुरक्षित मिलने की प्रार्थना की.
Also Read : बिहार पर मंडराया बाढ़ का खतरा, नेपाल में तबाही के बाद सीमावर्ती जिलों में हाई अलर्ट


