रक्षाबंधन से पहले झारखंड सरकार ने महिलाओं को बड़ा तोहफा दिया है. मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची जिले की 3 लाख 95 हजार 692 महिलाओं के बैंक खातों में अगस्त 2026 की सम्मान राशि भेज दी गई है.
हर लाभुक महिला के खाते में ढाई हजार रुपये (2,500) भेजे गए हैं. आधार आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर यानी DBT के माध्यम से रांची जिले की महिलाओं के खातों में कुल 98 करोड़ 92 लाख 30 हजार की राशि ट्रांसफर की गई है.
कांके की सबसे ज्यादा महिलाओं को मिला लाभ
योजना के तहत सबसे अधिक कांके प्रखंड की 31,620 महिलाओं को सम्मान राशि मिली है. इसके बाद टाउन अर्बन की 26,042, मांडर की 23,008, सिल्ली की 21,335, बेड़ो की 20,620 और रातू की 20,427 महिलाओं के खातों में 2,500-2,500 भेजे गए हैं.
वहीं चान्हो की 19,374, तमाड़ की 18,832, नगड़ी की 18,345, नामकुम की 18,071, ओरमांझी की 17,898, बुढ़मू की 17,841 और अनगड़ा की 16,796 महिलाओं को भी योजना का लाभ मिला है.
शहरी क्षेत्रों में भी पहुंची राशि
शहरी क्षेत्रों में हेहल की 16,376 महिलाओं, अरगोड़ा की 13,406 महिलाओं, बड़गाईं की 10,124 महिलाओं, नामकुम शहरी क्षेत्र की 9,571 महिलाओं, नगड़ी शहरी क्षेत्र की 8,244 महिलाओं और कांके शहरी क्षेत्र की 1,290 महिलाओं के खातों में सम्मान राशि पहुंची है.
इसके अलावा इटकी की 10,152, खलारी की 9,632, राहे की 9,551, बुंडू की 8,591, बुंडू नगर पंचायत की 3,566, लापुंग की 11,866 और सोनाहातू की 13,114 महिलाओं को भी अगस्त महीने की राशि दी गई है.
जिला प्रशासन ने कहा कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत पात्र महिलाओं तक समय पर और पारदर्शी तरीके से लाभ पहुंचाना प्राथमिकता है. भुगतान की प्रक्रिया की लगातार समीक्षा की जा रही है, ताकि कोई भी पात्र महिला योजना के लाभ से वंचित न रह जाए.
Also Read : हाथी कॉरिडोर: 6 साल, 555 मौतें और 17 कॉरिडोर… सुप्रीम कोर्ट के आदेश से सुलझेगी उलझन?


