Hazaribagh : हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र में महिला की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार लोगों में विकास कुमार प्रजापति (मृतका का पति), नरेश प्रजापति, लालेश्वर गांझू शामिल है। वहीं एक अन्य आरोपी सुनील गांझू अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि मृतका के पति ने ही अपने पिता और साथियों के साथ मिलकर पत्नी की हत्या की साजिश रची थी।
26 अप्रैल की रात हुई थी वारदात
यह घटना बीते 26 अप्रैल की रात करीब 9:15 बजे कोयला स्टेशन के पास हुई थी। बाइक से जा रहे पति-पत्नी पर अचानक गोली चलाई गई। इस हमले में मंजू देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं पति विकास प्रजापति भी घायल हुआ, जिसे बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स में रेफर किया गया था।
SIT जांच में खुला बड़ा राज
घटना के बाद हजारीबाग एसपी अमन कुमार के निर्देश पर एएसपी पवन कुमार के नेतृत्व में एसआईटी टीम बनाई गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, कॉल डिटेल और पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच में जो सच्चाई सामने आई, उसने सभी को हैरान कर दिया। पुलिस के अनुसार, विकास प्रजापति ने ही अपने पिता और साथियों के साथ मिलकर इस हत्या की साजिश रची थी।
पारिवारिक विवाद बना हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। घर में लगातार तनाव और झगड़े की वजह से विकास अपनी पत्नी को रास्ते से हटाना चाहता था। इसी के तहत उसने पूरी योजना बनाई और साथियों के साथ मिलकर लूटपाट का नाटक रचा।
खुद को भी घायल दिखाकर रची साजिश
योजना के मुताबिक, सुनसान जंगल इलाके में वारदात को अंजाम दिया गया। पत्नी को गोली मार दी गई और शक से बचने के लिए विकास ने खुद को भी गोली लगने का नाटक किया। ताकि यह मामला लूटपाट या बाहरी हमले जैसा लगे। पुलिस ने इस घटना में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की यामाहा मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले का सफल उद्भेदन कर लिया गया है और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर यह दिखा दिया कि पारिवारिक विवाद किस हद तक खतरनाक रूप ले सकता है।
Also Read : स्कॉर्पियो को बचाने के चक्कर में पेड़ से टकरायी तेज रफ्तार पिकअप, ड्राइवर-खलासी घायल


