Hazaribagh : हजारीबाग जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बैंक, ज्वेलरी दुकान और पेट्रोल पंप जैसे संवेदनशील संस्थानों पर विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान लगातार जारी रहेगा और समय-समय पर इसकी समीक्षा भी की जाएगी। इस अभियान में जिले के सभी डीएसपी और इंस्पेक्टर की देखरेख में थाना प्रभारी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। सभी थानों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के महत्वपूर्ण संस्थानों पर नियमित नजर रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करें।
140 बैंक, 102 पेट्रोल पंप और 146 ज्वेलरी दुकान चिन्हित
पुलिस द्वारा जिले के कुल 140 बैंकों को चिन्हित कर उनकी निगरानी की जा रही है। इसके अलावा 102 पेट्रोल पंपों पर भी पुलिस टीम समय-समय पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही है। वहीं 146 ज्वेलरी दुकानों को भी विशेष निगरानी के दायरे में रखा गया है। जिले में अब तक कुल 388 महत्वपूर्ण संस्थानों को चिन्हित किया गया है, जहां पुलिस की विशेष नजर बनी हुई है। इन सभी जगहों पर नियमित पेट्रोलिंग की जा रही है ताकि किसी भी तरह की आपराधिक घटना को रोका जा सके।
रजिस्टर में दर्ज होगी पेट्रोलिंग टीम की उपस्थिति
पुलिस ने सभी चिन्हित संस्थानों पर एक रजिस्टर खोलने का निर्देश दिया है। इसमें पेट्रोलिंग करने वाले पुलिस पदाधिकारी और कर्मियों को रोजाना अपनी उपस्थिति दर्ज करनी होगी। इस पूरी प्रक्रिया की मॉनिटरिंग जिले के कंट्रोल रूम से की जाएगी। पुलिस का मानना है कि इस तरह की सघन निगरानी से बैंक लूट, चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी रोक लगेगी। साथ ही आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा भी मजबूत होगा।
Also Read : स्कॉर्पियो को बचाने के चक्कर में पेड़ से टकरायी तेज रफ्तार पिकअप, ड्राइवर-खलासी घायल


