जोहार लाइव ब्यूरो
2020 के दिल्ली दंगों से जुड़े कथित बड़ी साजिश मामले में आरोपी उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट ने 25 नवंबर यानी की आज दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है. हालांकि, अदालत ने फिलहाल उमर खालिद की अंतरिम जमानत की मांग पर विचार करने से इनकार कर दिया. कोर्ट ने स्पष्ट किया कि अंतरिम राहत पर फैसला लेने से पहले दिल्ली पुलिस का पक्ष सुना जाएगा.
जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने मामले की सुनवाई के दौरान कहा कि जमानत के सवाल पर अलग-अलग फैसलों के बीच कानूनी स्थिति स्पष्ट करने की जरूरत है. इसके लिए मामले को तीन जजों की पीठ के समक्ष रखने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी.
5 जनवरी 2026 को जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस एनवी अंजारिया की बेंच ने उमर खालिद और शरजील इमाम को जमानत देने से इनकार कर दिया था. सुप्रीम कोर्ट ने दोनों को कथित बड़ी साजिश का ‘वैचारिक सूत्रधार’ बताया था.
जमानत पर एक साल की लगी थी रोक
उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत खारिज करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने एक साल तक दोबारा जमानत मांगने पर रोक लगाई थी. हालांकि, कोर्ट ने कहा था कि संरक्षित गवाहों की गवाही पूरी होने या आदेश पारित होने की तारीख से एक साल पूरा होने पर, इनमें से जो भी पहले हो, दोनों दोबारा जमानत के लिए अदालत का रुख कर सकते हैं.
अब दोनों आरोपियों ने अपनी अपील में कहा है कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा जमानत पर लगाई गई एक साल की रोक जल्द खत्म होने वाली है. उनका कहना है कि अभियोजन पक्ष द्वारा संरक्षित गवाहों की गवाही पूरी करने की दूसरी शर्त 5 जनवरी 2027 तक पूरी होना मुमकिन नहीं है.
दिल्ली दंगा साजिश मामले की सुनवाई में क्या हुआ?
सुनवाई के दौरान, खालिद की ओर से पेश हुए सीनियर एडवोकेट कपिल सिब्बल ने अंतरिम जमानत देने का अनुरोध किया. इमाम की ओर से पेश हुए सीनियर एडवोकेट सिद्धार्थ दवे ने भी इसी तरह की राहत मांगी और कहा कि वे काफी लंबे समय से हिरासत में हैं. हालांकि, बेंच ने कहा, “आज नहीं.”
जस्टिस सूर्यकांत की बेंच ने कहा कि अंतरिम जमानत की मांग पर विचार करने से पहले वह पुलिस का पक्ष सुनेगी. सुप्रीम कोर्ट ने यह भी निर्देश दिया कि इस मामले को प्रशासनिक स्तर पर चीफ जस्टिस के सामने रखा जाए, ताकि इस पर विचार करने के लिए तीन जजों की एक बेंच गठित की जा सके.
क्यों तीन जजों की पीठ के पास जाएगा मामला?
इस मामले में मुख्य कानूनी विवाद UAPA के तहत लंबी हिरासत और जमानत के अधिकार को लेकर सुप्रीम कोर्ट के अलग-अलग फैसलों की व्याख्या से जुड़ा है.
दरअसल, 2021 में के.ए. नजीब मामले में सुप्रीम कोर्ट की तीन जजों की पीठ ने कहा था कि UAPA जैसे सख्त कानून के बावजूद लंबे समय तक हिरासत और मुकदमे में देरी जमानत देने का आधार बन सकती है.
दूसरी ओर, उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत याचिकाएं पहले खारिज की जा चुकी हैं. गुलफिशा फातिमा मामले में दिए गए फैसले को लेकर भी कानूनी सवाल उठे हैं. बाद में सैयद इफ्तिखार अंद्राबी मामले की सुनवाई कर रही पीठ ने इस फैसले की आलोचना करते हुए कहा था कि इससे नजीब फैसले में निर्धारित सिद्धांत कमजोर हो सकते हैं.
इन्हीं कानूनी मतभेदों को देखते हुए अब तीन जजों की पीठ के सामने मामले को रखने की जरूरत बताई गई है.
CJI सूर्यकांत ने क्या कहा?
सुनवाई के दौरान कपिल सिब्बल ने तस्लीम अहमद मामले का हवाला देते हुए कहा कि संदर्भ आदेश पारित करते समय इसी मामले के एक सह-आरोपी को अंतरिम जमानत दी गई थी.
इस पर मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने कहा कि फिलहाल अंतरिम राहत पर विचार नहीं किया जाएगा. जस्टिस बागची ने भी कहा कि पहले दूसरे पक्ष को अपनी बात रखने का अवसर दिया जाना चाहिए.
सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने दिल्ली पुलिस की ओर से पक्ष रखते हुए कहा कि संबंधित संदर्भ आदेश भी उसी FIR से जुड़े मामले में पारित हुआ था.
मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि अलग-अलग पीठों के फैसलों में दिखाई दे रहे मतभेदों पर गहराई से विचार करना जरूरी है. उन्होंने यह भी कहा कि नजीब मामले का फैसला उन्होंने स्वयं दिया था और अब अलग-अलग पीठों की व्याख्याओं को देखते हुए इस मुद्दे पर सावधानीपूर्वक विचार करना होगा.
अब याचिकाकर्ताओं की ओर से दलील दी गई है कि एक साल की निर्धारित अवधि पूरी होने वाली है, लेकिन 5 जनवरी 2027 तक सभी संरक्षित गवाहों की गवाही पूरी होने की संभावना नहीं है. ऐसे में लंबी हिरासत और मुकदमे में देरी को देखते हुए उन्हें जमानत दी जानी चाहिए.
No comments yet. Be the first to comment!