जोहार लाइव ब्यूरो
लोहरदगा जिले में गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर पुलिस ने ऑपरेशन भरोसा के तहत बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने विभिन्न स्थानों से गुम हुए कुल 13 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए. मोबाइल मिलने के बाद लोगों के चेहरों पर खुशी लौट आई.
पुलिस मुख्यालय, झारखंड रांची से प्राप्त दिशा-निर्देश के आलोक में पुलिस अधीक्षक, लोहरदगा के निर्देश पर 25 नवंबर 2026 को यह कार्रवाई की गई. इस दौरान पुलिस ने अलग-अलग कंपनियों के 13 मोबाइल फोन बरामद किए.
बरामद मोबाइल फोन में Motorola का 1, IQOO का 1, Realme का 1, Poco का 1, iPhone का 1, Redmi के 2, OnePlus का 1, Vivo के 3, Nova AI का 1 और Nothing Phone का 1 मोबाइल शामिल है. सभी 13 मोबाइल फोन का सत्यापन कर उनके वास्तविक स्वामियों की पहचान की गई. इसके बाद संबंधित मोबाइल धारकों को उनके फोन वापस सौंप दिए गए.
मोबाइल पाकर खिले लोगों के चेहरे
मोबाइल फोन वापस मिलने पर संबंधित लोगों ने खुशी जाहिर की. लोहरदगा पुलिस की इस पहल से मोबाइल गुम होने के कारण परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली है. पुलिस का कहना है कि आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित निष्पादन और उनकी खोई हुई संपत्ति की बरामदगी के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है.
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, लोहरदगा ने आम लोगों से अपील की कि मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में उसे CEIR पोर्टल पर अवश्य रजिस्टर कराएं. इससे गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन को ट्रैक करने और बरामद करने में मदद मिलती है.
लोहरदगा पुलिस ने भरोसा दिलाया कि आम नागरिकों की सुरक्षा और उनकी संपत्ति की रक्षा के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
No comments yet. Be the first to comment!