जोहार लाइव ब्यूरो
साइबर अपराध के खिलाफ जामताड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक (साइबर अपराध) अमित रविदास के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने नारायणपुर थाना क्षेत्र के मुरलीपहाड़ी स्थित पानी टंकी के पीछे छापेमारी कर सभी आरोपितों को दबोचा. गिरफ्तार आरोपितों के पास से 16 मोबाइल फोन, 17 सिम कार्ड और एक लैपटॉप बरामद किया गया है.
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों में पांच का संबंध साइबर अपराध थाना कांड संख्या 77/26 से है, जबकि अन्य पांच आरोपित साइबर अपराध थाना कांड संख्या 76/26 के प्राथमिकी अभियुक्त हैं. पुलिस ने सभी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है.
फर्जी कस्टमर केयर नंबर बनाकर करते थे ठगी
पुलिस की जांच में साइबर ठगी का एक शातिर तरीका सामने आया है. आरोपित गूगल पर विभिन्न ई-कॉमर्स कंपनियों, ई-पेमेंट कंपनियों और उपभोक्ता सामग्री से जुड़ी कंपनियों के कस्टमर केयर नंबर के रूप में अपना फर्जी मोबाइल नंबर डाल देते थे.इसके बाद समस्याओं के समाधान के लिए संपर्क करने वाले ग्राहकों को अपने जाल में फंसाते थे.
आरोपित ग्राहकों की समस्या दूर करने का झांसा देकर उनके मोबाइल पर APK फाइल भेजते थे और उसे डाउनलोड करवाते थे. इसके माध्यम से मोबाइल में मौजूद बैंकिंग से संबंधित गोपनीय जानकारी हासिल कर खातों से रकम उड़ाने की वारदात को अंजाम देते थे.
कमीशन के लालच में सिम कार्ड भी उपलब्ध कराते थे
पुलिस के मुताबिक, गिरोह के कुछ सदस्य अपने नाम पर चार से पांच या उससे अधिक सिम कार्ड प्राप्त कर उन्हें साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे. इस तरह वे सीधे ठगी करने के साथ-साथ साइबर अपराध के नेटवर्क को सिम कार्ड मुहैया कराकर भी सहयोग कर रहे थे. इनका कार्यक्षेत्र मुख्य रूप से देश के विभिन्न राज्यों तक फैला हुआ था.
ये आरोपित हुए गिरफ्तार
कांड संख्या 77/26 में गिरफ्तार आरोपितों में साजिद अंसारी (23), सागीर अंसारी (24), दिलबर अंसारी (21), कलीम अंसारी (42) और इमरान अंसारी (25) शामिल हैं. ये सभी नारायणपुर थाना क्षेत्र के बंदरपुर्जी गांव के निवासी बताए गए हैं.
वहीं, कांड संख्या 76/26 में संजय मंडल, राजू मंडल और टुनटुन मंडल (तीनों निवासी लीलानगर कानगोई, थाना मिहिजाम), धीरज कुमार साव ( हिल रोड, मिहिजाम) तथा अबीशन मुर्मू ( जामताड़ा) को गिरफ्तार किया गया है.
तीन सदस्यीय पुलिस टीम ने की छापेमारी
छापेमारी दल में साइबर अपराध थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस निरीक्षक गुलशन कुमार सिंह और पुलिस अवर निरीक्षक हीरालाल महतो के अलावा रिजर्व गार्ड के जवान एवं हवलदार शामिल थे.
2026 में अब तक 170 साइबर अपराधी गिरफ्तार
जामताड़ा पुलिस की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, जनवरी 2026 से 25 नवंबर 2026 तक साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई में कुल 170 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है. इस दौरान पुलिस ने 410 मोबाइल फोन, 490 सिम कार्ड, 37 एटीएम कार्ड, सात पासबुक और चार लैपटॉप जब्त किए हैं. इसके अलावा 24 लाख 33 हजार 700 रुपये नकद और 13 मोटरसाइकिल भी बरामद की गई हैं.
साइबर अपराध के खिलाफ लगातार हो रही कार्रवाई से स्पष्ट है कि पुलिस अब ठगी करने वाले अपराधियों के साथ-साथ उन्हें सिम कार्ड और अन्य संसाधन उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क पर भी शिकंजा कस रही है.
Also Read: मांडर में ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत ग्राम चौपाल, SIR और पेसा कानून पर हुई चर्चा
No comments yet. Be the first to comment!