झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में SIR पर चर्चा के दौरान जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने सरकार की ओर से पेश प्रस्ताव की भाषा और उद्देश्य पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि प्रस्ताव में SIR की प्रक्रिया से आम जनता को हो रही कठिनाइयों का जिक्र तो है, लेकिन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग कहीं नहीं लिखी गई है. इस पर संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सदन में कहा कि वे ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को प्रस्ताव का हिस्सा बनाने का प्रस्ताव करते हैं.
सरयू राय ने कहा कि सरकार के प्रस्ताव की 12वीं कंडिका पढ़ने से ऐसा लगता है कि सरकार SIR के सिद्धांत से सहमत है और SIR होना चाहिए. लेकिन इसकी प्रक्रिया में आम जनता को जो कठिनाइयां हो रही हैं, उन्हें सदन में रखा गया है. उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार ने प्रस्ताव में यह नहीं बताया है कि इन कठिनाइयों को दूर करने के लिए क्या कदम उठाए गए हैं.
उन्होंने कहा कि प्रस्ताव में यह भी उल्लेख है कि SIR में कार्यरत कर्मचारी राज्य सरकार के हैं. ऐसे में यह सवाल उठता है कि सरकार ने इन कर्मचारियों और आम जनता की समस्याओं को दूर करने के लिए क्या प्रयास किया है.
प्रस्ताव में ‘सक्षम प्राधिकार’ का उल्लेख, लेकिन स्पष्टता नहीं
सरयू राय ने प्रस्ताव के अंतिम पैरा पर सवाल उठाते हुए कहा कि चर्चा के बाद प्रस्ताव को ‘सक्षम प्राधिकार’ को भेजने की बात कही गई है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं किया गया कि सक्षम प्राधिकार कौन है. उन्होंने कहा कि यदि किसी विशिष्ट प्राधिकार का उल्लेख होता, तो यह भी स्पष्ट होता कि प्रस्ताव किसके पास भेजा जाएगा और उसकी शक्तियां क्या हैं.
उन्होंने निर्वाचन आयोग का उदाहरण देते हुए कहा कि चुनाव आयोग संविधान के अनुच्छेद 324 के तहत संवैधानिक संस्था है. ऐसे में सदन में चुनाव आयोग के विषय पर चर्चा और इस चर्चा की संवैधानिक औचित्य को लेकर भी सवाल उठता है.
सरयू राय ने कहा कि प्रस्ताव में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग का उल्लेख नहीं है. उन्होंने इस बात को सदन के सामने स्पष्ट रूप से उठाया.
राधाकृष्ण किशोर ने प्रस्ताव में मांग जोड़ने की बात कही
सरयू राय की आपत्ति पर संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने व्यवस्था का प्रश्न उठाते हुए कहा कि यह बात सही है कि सरकार की ओर से प्रस्तुत मूल प्रस्ताव में ज्ञानेश कुमार को हटाने का उल्लेख नहीं किया गया था.
उन्होंने कहा कि सदन सर्वोच्च है और वे प्रस्ताव करते हैं कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को सरकार के मूल प्रस्ताव का अंग बना लिया जाए.
इस तरह सदन में सरयू राय की आपत्ति के बाद संसदीय कार्य मंत्री ने ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग प्रस्ताव में शामिल करने की बात रखी.
Also Read : SIR से कितने वोटर का नाम कटा है इसका आंकड़ा रखिए, तब हमको विश्वास होगा – राधाकृष्ण किशोर से जयराम
No comments yet. Be the first to comment!