Patna : बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि बिहार में करीब 60 प्रतिशत अपराध जेल के अंदर से संचालित होते हैं। सरकार इन अपराधों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए कड़ी कार्रवाई कर रही है। सम्राट चौधरी ने साफ कहा कि अब किसी भी माफिया को नहीं बख्शा जाएगा, चाहे वह कितना भी ताकतवर क्यों न हो। अपराधियों के मन में कानून का डर होना चाहिए।
उपमुख्यमंत्री यह बात दीघा विधानसभा कार्यालय परिसर में आयोजित “अभिनंदन दीघा कार्यकर्ता सम्मान समारोह” के बाद पत्रकारों से बातचीत में कही। उन्होंने बताया कि आम लोगों को सरकार के प्रयासों के जल्द परिणाम दिखाई देंगे। सरकार अपराधियों के नेटवर्क को तोड़ने की रणनीति पर काम कर रही है ताकि जेल से चल रहे अपराधों पर भी अंकुश लगाया जा सके।
कार्यक्रम में सम्राट चौधरी ने बताया कि सरकार अगले पांच वर्षों में सुशासन, कानून का राज और रोजगार सृजन पर फोकस करेगी। उन्होंने कहा कि पहली कैबिनेट बैठक में 25 बंद चीनी मिलों को खोलने का निर्णय लिया गया, जिससे किसानों को लाभ और बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर मिलेंगे।
उन्होंने दीघा क्षेत्र के भूमि विवादों का समाधान भी अंतिम चरण में बताया। कुल 1024.52 एकड़ भूमि का न्यायपूर्ण निपटारा किया जाएगा।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि राज्य में सुशासन के साथ उद्योगों को भी प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि हर जिले में उद्योग लगें और स्थानीय रोजगार बढ़े। पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा की ताकत यह है कि चुनाव में प्रत्याशी आपस में प्रतिस्पर्धा करते हैं। कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आधुनिक तकनीक से जोड़ने का भरोसा दिया। सांसद रवि शंकर प्रसाद ने विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे वोट चोरी के आरोपों को जनता का अपमान बताया।


