Ranchi : CM हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में आज दोपहर 2 बजे राज्य मंत्रिपरिषद (कैबिनेट) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। यह बैठक रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन में होगी, जिसमें राज्य से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा और निर्णय लिए जाने की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) द्वारा आयोजित की जाने वाली संयुक्त असैनिक प्रतियोगिता परीक्षा में अभ्यर्थियों को उम्र सीमा में छूट देने के प्रस्ताव पर निर्णय लिया जा सकता है। यदि इस प्रस्ताव को कैबिनेट की मंजूरी मिलती है, तो इससे बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को सीधा लाभ मिलेगा।
दरअसल, JPSC ने हाल ही में संयुक्त असैनिक प्रतियोगिता परीक्षा का विज्ञापन जारी किया था, जिसमें उम्र सीमा में किसी भी प्रकार की छूट का प्रावधान नहीं रखा गया था। इसके चलते कई योग्य अभ्यर्थियों ने खुद को परीक्षा में आवेदन से वंचित बताया था। इस मुद्दे को लेकर अभ्यर्थियों और विभिन्न छात्र संगठनों की ओर से लगातार विरोध और मांग की जा रही थी।
अब सभी की निगाहें आज होने वाली कैबिनेट बैठक पर टिकी हैं। अगर उम्र सीमा में छूट को लेकर प्रस्ताव पर मुहर लगती है, तो इससे प्रभावित अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिलेगी और वे परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।
Also Read : 48 नगर निगमों में चुनावी रण शुरू, 6979 प्रत्याशियों ने भरा नामांकन


