Chatra : प्रशासनिक बदलाव के बाद चतरा जिले को नया उपायुक्त मिल गया है। भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी रवि आनंद ने शनिवार को जिले के 40वें उपायुक्त के रूप में पदभार ग्रहण किया। उन्होंने निवर्तमान उपायुक्त कीर्तिश्री से कार्यभार लिया। पदभार संभालने के बाद रवि आनंद ने कहा कि जिले के विकास के लिए सभी विभागों के साथ बेहतर समन्वय और टीम वर्क के जरिए काम किया जाएगा। उन्होंने बताया कि महिला और बाल विकास, शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को जमीन पर सही तरीके से लागू करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे। पेयजल समस्या को लेकर उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में दिक्कत है, वहां स्थिति की समीक्षा की जाएगी। जहां भी जरूरत होगी, वहां 48 घंटे के भीतर चापानल की मरम्मत या वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी।
उपायुक्त ने यह भी कहा कि वे नियमित रूप से गांव और इलाकों का दौरा करेंगे, ताकि लोगों से सीधे संवाद हो सके और समस्याओं का तुरंत समाधान किया जा सके। हर सप्ताह जनता दरबार आयोजित कर लोगों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जाएगा। स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उन्होंने कहा कि जिले में डॉक्टरों की कमी और अन्य समस्याओं का आकलन कर जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने समाहरणालय परिसर की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान राजस्व, आपूर्ति और सामान्य शाखा सहित कई विभागों की कार्यप्रणाली की जानकारी ली और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
इस मौके पर उप विकास आयुक्त अमरेंद्र कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, एसडीओ चतरा जहूर आलम, एसडीओ सिमरिया सह जिला परिवहन पदाधिकारी माहेश्वरी प्रसाद, डीआरडीए निदेशक अलका कुमारी, जिला नियोजन पदाधिकारी मन्नू कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी शकील अहमद समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
Also Read : झारखंड को मिली बड़ी सौगात, 2 नए फोरलेन हाईवे से 4 राज्यों की कनेक्टिविटी होगी मजबूत


