Ranchi/New Delhi : झारखंड में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में बड़ी पहल सामने आई है। राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर दो नए फोरलेन नेशनल हाईवे के निर्माण की मांग रखी, जिसे प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने का आश्वासन मिला है।
दो अहम रूट पर बनेगा फोरलेन
प्रस्तावित सड़कों में पलामू जिले के छत्तरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग से नौडीहा बाजार-डुमरिया-इमामगंज होते हुए शेरघाटी ग्रैंड ट्रंक रोड तक 4 लेन सड़क और कजरी से पाटन-मनातू-चतरा होते हुए ग्रैंड ट्रंक रोड तक 4 लेन सड़क निर्माण शामिल है।
चार राज्यों को मिलेगा सीधा लाभ
इन दोनों सड़कों के बनने से झारखंड के साथ-साथ बिहार, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ के बीच आवागमन आसान होगा। खासकर गढ़वा से छत्तीसगढ़ और बिहार के औरंगाबाद-बनारस रूट पर सफर तेज और सुगम हो जाएगा। इससे व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
हाईवे घनत्व बढ़ाने पर जोर
वित्त मंत्री ने बताया कि झारखंड में राष्ट्रीय राजमार्ग का घनत्व राष्ट्रीय औसत से काफी कम है। राज्य में प्रति 1000 वर्ग किमी पर करीब 190 किमी ही नेशनल हाईवे हैं, जबकि देश का औसत करीब 500 किमी है। ऐसे में नए हाईवे निर्माण से बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी।
खनिज परिवहन को मिलेगा फायदा
झारखंड में खनिजों की ढुलाई मुख्य रूप से सड़क मार्ग से होती है। बेहतर सड़कों के निर्माण से परिवहन सुगम होगा और उद्योगों को भी राहत मिलेगी। इस बैठक में वरिष्ठ नेता अरुण कुमार सिंह और प्रशांत किशोर भी मौजूद रहे।
Also Read : नई सरकार का पहला इम्तिहान, 24 अप्रैल को सदन में बहुमत साबित करेंगे सम्राट चौधरी


