Ranchi : झारखंड निकाय चुनाव के मतदान दिवस पर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। सीआईडी के एडीजी सह रांची जोनल आईजी मनोज कौशिक ने सोमवार को शहर के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ रांची एसएसपी राकेश रंजन, रूरल एसपी प्रवीण पुष्कर तथा ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह मौजूद रहे। अधिकारियों ने संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर विशेष ध्यान देते हुए तैनात पुलिस बल की स्थिति की समीक्षा की।
एडीजी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था, गश्ती दलों की सक्रियता और क्विक रिस्पांस टीम की तैनाती के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान संबंधित क्षेत्रों के डीएसपी, थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान भी उपस्थित थे। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सतर्कता बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया गया।
पुलिस प्रशासन की सक्रियता से मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम देखने को मिले। दिनभर अधिकारियों की निगरानी में चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संचालित होती रही।

Also Read : बोकारो के चास में मतदान के दौरान बवाल, एसडीपीओ घायल, कई लोग हिरासत में


