Ranchi : झारखंड की राजधानी रांची में इन दिनों पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में दिख रही है। शहर में अपराध पर लगाम लगाने और लोगों को सुरक्षित माहौल देने के लिए मंगलवार देर रात जोरदार एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अचानक हुई कार्रवाई से अपराधियों और संदिग्ध लोगों में हड़कंप मच गया।
SSP के निर्देश पर चला अभियान
रांची के SSP राकेश रंजन के निर्देश पर यह विशेष अभियान चलाया गया। उन्होंने साफ कहा है कि शहर में किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसी को लेकर पुलिस टीमों को अलग-अलग इलाकों में तैनात किया गया।
इन अफसरों ने संभाली कमान
इस पूरी कार्रवाई की अगुवाई ट्रेनी IPS साक्षी जमुआर और कोतवाली DSP प्रकाश सोए ने की। दोनों अधिकारियों ने खुद मौके पर मौजूद रहकर चेकिंग की निगरानी की। पुलिस टीम पूरी तैयारी के साथ निकली थी और हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखी गई।
रातू रोड और आसपास के इलाकों में सख्ती
पुलिस ने खास तौर पर रातू रोड और उसके आसपास के संवेदनशील इलाकों में मोर्चा संभाला। देर रात तक सड़कों पर गाड़ियों की जांच होती रही। आने-जाने वाले लोगों से पूछताछ की गई और संदिग्ध लगने वालों की तलाशी भी ली गई।
होटल और लॉज में औचक जांच
अभियान के दौरान रातू रोड स्थित कई छोटे-बड़े होटल और लॉज में अचानक छापेमारी की गई। पुलिस टीम ने होटल के विजिटर रजिस्टर को ध्यान से खंगाला। कमरों में ठहरे लोगों के पहचान पत्रों की जांच की गई और दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। कुछ जगहों पर होटल संचालकों को सख्त हिदायत दी गई कि बिना वैध आईडी के किसी को भी कमरा न दें। साथ ही कहा गया कि अगर कोई संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।
Also Read : हेमंत सरकार का बजट दिशाहीन एवं तथ्यहीन : आदित्य साहू

