Ranchi : झारखंड में आज यानी बुधवार को मौसम का मूड पूरी तरह बदला-बदला नजर आ रहा है। सुबह से ही आसमान में काले बादल डेरा जमाए हुए हैं और कई जिलों में तेज बारिश के साथ आंधी-तूफान का असर दिख रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के 20 जिलों के लिए भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है।
राजधानी में ठंडी हवा का असर
राजधानी रांची में भले ही जोरदार बारिश नहीं हुई, लेकिन ठंडी हवाओं ने मौसम को सुहाना बना दिया। हालात ऐसे हो गए कि लोगों को फिर से स्वेटर और हल्के गर्म कपड़े निकालने पड़े। सुबह-शाम की ठंडक ने फरवरी जैसी फीलिंग दे दी।
पिछले 24 घंटे में कहां कितनी बारिश?
मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में राज्य में सबसे ज्यादा 28.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। कई जिलों में दिन भर बादल छाए रहे और बीच-बीच में तेज हवाएं चलती रहीं।खासकर पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला खरसावां में भारी बारिश हुई। तेज हवा का असर इतना था कि कई जगहों पर बंद खिड़कियां तक चटक गईं और छतों पर बने अस्थायी शेड उड़ गए। रात के समय बिजली की चमक और कड़क की आवाज लोगों को साफ सुनाई दी।
5 येलो अलर्ट जारी, इन जिलों को खास चेतावनी
झारखंड मौसम विभाग ने पिछले 24 घंटों में कुल 5 येलो अलर्ट जारी किए। पहला अलर्ट दोपहर 3:26 बजे जारी हुआ, जिसमें पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम व सरायकेला खरसावां में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की चेतावनी दी गई। इसके बाद 3:41 बजे गुमला, खूंटी, सिमडेगा, दुमका और गोड्डा जिलों के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया गया। मौसम विभाग ने साफ कहा है कि इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ वज्रपात का खतरा बना रहेगा, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
आज का पूर्वानुमान : इन जिलों में कम असर
मौसम विभाग के अनुसार, आज झारखंड के लगभग सभी जिलों में तेज बारिश और हवाएं चलने की संभावना है। हवा की रफ्तार 40 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है और वज्रपात भी हो सकता है। हालांकि पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार जिलों में भारी बारिश की संभावना थोड़ी कम बताई गई है।
लोगों के लिए क्या है सलाह?
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान घर से बाहर निकलते समय सावधानी बरतें। खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें। किसान भी अपनी फसलों और पशुओं की सुरक्षा का खास ध्यान रखें।
Also Read : रांची में देर रात पुलिस का बड़ा एक्शन: रातू रोड के होटलों में ताबड़तोड़ चेकिंग

