Ranchi : रांची में नगर पालिका आम चुनाव 2026 की मतगणना शुक्रवार 27 फरवरी 2026 को सुबह 8 बजे से शुरू होगी। झारखंड राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर पूरी तैयारी कर ली गई है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी रांची मंजुनाथ भजंत्री ने देर रात खुद मतगणना स्थल का जायजा लिया और अधिकारियों को साफ निर्देश दिया कि पूरी प्रक्रिया समयबद्ध, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से पूरी होनी चाहिए।
तैयारियों का लिया गया जायजा
उपायुक्त ने मतगणना हॉल, सुरक्षा इंतजाम, मीडिया कक्ष और कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था की गई है ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। अधिकारियों को कहा गया है कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि मतगणना की सारी तैयारियां अंतिम चरण में हैं और सुबह से प्रक्रिया बिना किसी बाधा के शुरू कर दी जाएगी।
एजेंटों के लिए सख्त निर्देश
मतगणना में शामिल होने वाले प्रत्याशियों के एजेंटों के लिए कुछ जरूरी नियम तय किए गए हैं।

- मतगणना स्थल में प्रवेश के लिए रिटर्निंग अधिकारी द्वारा जारी पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा।
- इसके साथ ही एजेंटों को अपना अलग से फोटो युक्त पहचान पत्र भी साथ रखना होगा।
- मोबाइल फोन या किसी भी तरह का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण अंदर ले जाने की पूरी तरह मनाही रहेगी।
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि नियमों का उल्लंघन करने पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
शहर भर में कड़ी सुरक्षा
मतगणना शुरू होने से लेकर परिणाम घोषित होने तक पूरे रांची शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी। उपायुक्त ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया है कि किसी भी तरह की अफवाह या असामाजिक गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाए। मतगणना स्थल पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारी तैनात किए गए हैं। जिला प्रशासन की टीम 24 घंटे नजर बनाए रखेगी। अधिकारियों का कहना है कि उद्देश्य सिर्फ एक है, चुनाव परिणाम की प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण रहे।
शांति बनाए रखने की अपील
जिला प्रशासन ने सभी प्रत्याशियों, एजेंटों और आम नागरिकों से सहयोग की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सम्मान देना हम सभी की जिम्मेदारी है। अगर सभी लोग नियमों का पालन करेंगे तो मतगणना आसानी से और बिना किसी विवाद के पूरी हो जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त सौरभ कुमार भुवनिया, सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, अपर जिला दंडाधिकारी विधि व्यवस्था राजेश्वर नाथ आलोक, पीडी आईटीडीए संजय भगत, बुंडू अनुमंडल पदाधिकारी किस्टो बेसरा, पंचायत राज पदाधिकारी राजेश कुमार साहू समेत कई अन्य अधिकारी मौजूद थे।
Also Read : एशिया की सबसे बड़ी बेकन फैक्ट्री फिर से चालू करेगी सरकार : मंत्री शिल्पी


