Pakur (Mitthu Yadav) : नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 की मतगणना को व्यवस्थित और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए जिले में कड़ी तैयारियां की जा रही हैं। बाजार समिति, पाकुड़ स्थित मतगणना केंद्र पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को ब्रीफिंग दी।
समय पर हाजिरी और पहचान पत्र अनिवार्य
डीसी मनीष कुमार ने कहा कि मतगणना दिवस पर सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी और कर्मचारी समय पर पहुंचें और अपने पहचान पत्र साथ रखें। बिना वैध पहचान पत्र किसी को भी मतगणना केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। उन्होंने बताया कि केंद्र पर अलग-अलग प्रवेश द्वार तय किए गए हैं और हर स्तर पर सघन जांच की जाएगी।
उपायुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि केवल उम्मीदवार, उनके मुख्य अभिकर्ता और अधिकृत प्रतिनिधियों को ही वैध पहचान पत्र दिखाने पर प्रवेश मिलेगा। मतगणना हॉल में मोबाइल फोन या कोई भी प्रतिबंधित सामान लाने पर पूरी तरह रोक होगी। सभी पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारी पूरी सतर्कता और अनुशासन के साथ निभाएं।
सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह कड़ी
एसपी निधि द्विवेदी ने कहा कि मतगणना के दिन पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। सादे वेश में पुलिसकर्मी भी लोगों की भीड़ में रहकर निगरानी करेंगे और किसी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करेंगे।
उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपनी ड्यूटी स्थल पर पूरी तत्परता से मौजूद रहें और वरीय अधिकारियों के आदेशों का पालन करें। इसके अलावा त्वरित कार्रवाई बल को भी किसी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रखा गया है।
विशेष ध्यान देने योग्य क्षेत्र
डीसी और एसपी दोनों ने मतगणना हॉल की सुरक्षा, पार्किंग व्यवस्था, उम्मीदवारों और आम जनता के आवागमन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। सभी को सतर्क रहने और नियमों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया, ताकि मतगणना प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी हो सके।
Also Read : मतगणना को लेकर रांची प्रशासन अलर्ट, मोबाइल पर रोक, एजेंटों के लिए सख्त नियम


