Ramgarh : रामगढ़ जिले के राजरप्पा थाना क्षेत्र में हुई बड़ी ज्वेलरी डकैती का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। एसपी मुकेश लुनायत के निर्देश पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो महिला समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से लूटे गए जेवराट और घटना में इस्तेमाल किए गए वाहन भी बरामद किए हैं। यह वारदात 21 अप्रैल को दोपहर करीब 3:40 बजे चितरपुर-राजरप्पा मोड़ स्थित शिव शंकर ज्वेलर्स में हुई थी। हथियारबंद अपराधियों ने दुकान में घुसकर अचानक धावा बोला और गहनों की लूट कर फरार हो गए थे। दुकान मालिक विष्णु प्रसाद के बयान पर राजरप्पा थाना में कांड दर्ज किया गया था।
SIT का गठन कर शुरू हुई जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने डीएसपी (मुख्यालय) के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया। टीम ने तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर रामगढ़, लातेहार, पलामू, रांची के साथ-साथ बिहार के नालंदा जिले में भी छापेमारी की।
दो महिला समेत 7 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें शामिल हैं- सुभानी अंसारी उर्फ ललका, मनीष कुमार, रीना देवी, चन्द्रावती देवी, आनंद कुमार, अरबाज अंसारी और नसरूल्ला अंसारी। छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटे गए सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। साथ ही एक अर्टिगा कार, एक बाइक और अन्य सामान भी जब्त किया गया है, जिनका इस्तेमाल वारदात में किया गया था। इस पूरे मामले के खुलासे को पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और पूरे नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
Also Read : जगन्नाथपुर मंदिर गार्ड हत्याकांड पर बाबूलाल बोले- राजधानी में ध्वस्त हो चुकी है कानून-व्यवस्था