Ranchi : रांची के ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर में तैनात गार्ड की हत्या ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मंदिर के गर्भगृह की सुरक्षा में लगे प्रहरी की हत्या से पूरे शहर में सनसनी फैल गई है। सबसे अहम बात यह है कि घटनास्थल के पास ही विधानसभा और हाईकोर्ट जैसे अति संवेदनशील संस्थान मौजूद हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल और गहरे हो गए हैं।
दो दिनों में दो हत्याएं, इलाके में दहशत
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले दो दिनों के भीतर मंदिर के आसपास ही दो हत्याएं हो चुकी हैं। लगातार हो रही वारदातों से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि हाई सिक्योरिटी जोन में भी अपराधी बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, जो पुलिस व्यवस्था पर बड़ा सवाल है।
पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
लगातार हो रही घटनाओं के बाद पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों और राजनीतिक दलों का आरोप है कि पुलिस अपराध पर लगाम लगाने में नाकाम साबित हो रही है और स्थिति धीरे-धीरे बिगड़ती जा रही है।
बाबूलाल मरांडी का सरकार पर तीखा हमला
रांची के ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर के गर्भ गृह की रखवाली करने वाले प्रहरी के हत्या की सूचना से स्तब्ध हूं। घटनास्थल के आसपास राज्य की विधानसभा और हाई कोर्ट स्थित है। इतने उच्च सुरक्षा वाले क्षेत्र में मंदिर में घुसकर हत्या को अंजाम देना पुलिस के नकारेपन को साबित करता है।
विगत दो…
— Babulal Marandi (@yourBabulal) April 24, 2026
इस पूरे मामले पर पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राजधानी में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। मरांडी ने आरोप लगाया कि पुलिस “सांप निकल जाने के बाद लाठी पीटने” जैसी स्थिति में काम कर रही है और मुख्यमंत्री की चुप्पी से अपराधियों और लापरवाह अधिकारियों का मनोबल बढ़ रहा है।
कार्रवाई की मांग और आंदोलन की चेतावनी
मरांडी ने सरकार से मांग की है कि लापरवाह पुलिस अधिकारियों पर तुरंत कार्रवाई की जाए और एसपी-एसएसपी की जवाबदेही तय की जाए। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अगर कानून-व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो भाजपा सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।
Also Read : ऑफिस से गायब मिले अधिकारी, गढ़वा डीसी ने मांगा जवाब


