Garhwa : झारखंड के गढ़वा जिले में डीसी अनन्य मित्तल ने श्री बंशीधरनगर में अचानक प्रशासनिक अमले की क्लास लगा दी। इस दौरान उन्होंने नगर पंचायत, प्रखंड, अंचल और अनुमंडल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया और कई खामियां सामने आने पर अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी।
निरीक्षण की शुरुआत नगर पंचायत कार्यालय से हुई, जहां डीसी उस वक्त नाराज हो गए जब पता चला कि कार्यपालक पदाधिकारी बिना किसी पूर्व सूचना के ऑफिस से गायब हैं, जबकि उनके दौरे की जानकारी पहले से थी। इस पर डीसी ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए संबंधित अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया।
अंचल कार्यालय में लंबित मामलों पर फटकार
अंचल कार्यालय के निरीक्षण के दौरान डीसी ने दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) से जुड़े लंबित मामलों पर नाराजगी जताई। उन्होंने साफ कहा कि जमीन से जुड़े मामलों में लोगों को बेवजह दफ्तरों के चक्कर न लगवाए जाएं और सभी मामलों का समय पर निष्पादन किया जाए। साथ ही राइट टू सर्विस एक्ट का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।
खराब व्यवस्था पर भी सख्ती
अनुमंडल कार्यालय के निरीक्षण में डीसी को शौचालय की स्थिति बेहद खराब मिली। इस पर उन्होंने तुरंत नगर पंचायत को निर्देश दिया कि सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया जाए। साथ ही जन्म प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया को पारदर्शी और जांच आधारित बनाने पर भी जोर दिया गया।
अधिकारियों को साफ संदेश
निरीक्षण के दौरान डीसी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि प्रशासन का मुख्य काम जनता को समय पर और बेहतर सेवा देना है। उन्होंने ऑफिसों में साफ-सफाई बनाए रखने और फाइलों का समय पर निपटारा करने के निर्देश दिए।मौके पर मौजूद रहे अधिकारी। इस औचक निरीक्षण के दौरान कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे, जिनमें अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर मिर्धा, बीडीओ रोशन कुमार और अंचल अधिकारी विकास कुमार सिंह शामिल थे।
Also Read : सीएम सम्राट आज सदन में पेश करेंगे विश्वास मत


