Ranchi : हज 2026 की तैयारी को लेकर झारखंड राज्य हज समिति ने चयनित हज यात्रियों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। समिति ने साफ कहा है कि यात्रा के दौरान हर यात्री को अपना मूल पासपोर्ट अपने पास सुरक्षित रखना अनिवार्य होगा। साथ ही, दस्तावेजों में किसी भी तरह की गलती होने पर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
पासपोर्ट की वैधता जरूरी
हज समिति के अनुसार, यात्रियों के पासपोर्ट की वैधता 31 दिसंबर 2026 तक होना जरूरी है। इसके अलावा पासपोर्ट में कम से कम दो खाली पृष्ठ होने चाहिए।
समिति ने बताया कि पासपोर्ट में दर्ज नाम, फोटो और अन्य जानकारी हज आवेदन फॉर्म के अनुसार ही होनी चाहिए। यदि किसी यात्री के दस्तावेजों में आवेदन के अनुसार जानकारी नहीं पाई गई, तो यात्रा प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।
उड़ान की पुष्टि करना अनिवार्य
हज समिति ने यात्रियों के लिए यात्रा पुष्टि प्रक्रिया को भी अनिवार्य कर दिया है। यात्रियों को हज समिति के पोर्टल या हज सुविधा एप के माध्यम से अपनी उड़ान की पुष्टि करनी होगी।
समिति ने कहा कि उड़ान पुष्टि के बाद मिलने वाली रसीद को सुरक्षित रखना जरूरी है, क्योंकि यही रसीद हज किट प्राप्त करते समय दिखानी होगी।
प्रस्थान केंद्र पर समय से पहुंचना जरूरी
समिति ने यात्रियों को निर्देश दिया है कि वे अपने निर्धारित प्रस्थान केंद्र पर कम से कम 24 घंटे पहले पहुंच जाएं।
वहीं, जो यात्री सीधे हवाई अड्डा जाएंगे, उन्हें कम से कम 6 घंटे पहले पहुंचना अनिवार्य होगा। समिति का कहना है कि देर से पहुंचने पर जांच और अन्य प्रक्रियाओं में दिक्कत हो सकती है।
जरूरी दस्तावेजों की सूची जारी
हज समिति ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे यात्रा से पहले अपने सभी जरूरी दस्तावेजों की जांच कर लें, ताकि अंतिम समय में किसी तरह की परेशानी न हो। समिति द्वारा जारी सूची में शामिल हैं—
- मूल पासपोर्ट
- स्वास्थ्य प्रमाण पत्र
- चिकित्सकीय उपयुक्तता प्रमाण पत्र
- टीकाकरण प्रमाण पत्र
- भुगतान रसीद
- यात्रा पुष्टि रसीद
समिति ने कहा कि सभी दस्तावेज सही और पूरे होने चाहिए।
प्रस्थान केंद्र से मिलेगा हज किट
समिति ने बताया कि यात्रियों को हज यात्रा के लिए जरूरी हज किट प्रस्थान केंद्र से ही दी जाएगी। इस किट में पहचान पत्र, बैग, स्मार्ट घड़ी समेत अन्य जरूरी सामग्री शामिल रहेगी।
यदि किसी कारण से यात्री खुद किट लेने नहीं आ पाते हैं और कोई दूसरा व्यक्ति किट लेने जाता है, तो उसे अधिकृत पत्र, आधार कार्ड और संबंधित दस्तावेज दिखाने होंगे।
समिति की अपील
झारखंड राज्य हज समिति ने सभी चयनित यात्रियों से अपील की है कि वे समय रहते दस्तावेजों की जांच कर लें और उड़ान पुष्टि की प्रक्रिया जल्द पूरी करें। समिति ने कहा कि सभी निर्देशों का पालन करने से यात्रा सुचारू रूप से संपन्न हो सकेगी।
Also Read : पिठोरिया बिजली ग्रिड लूटकांड : रांची पुलिस को मिली बड़ी सफलता, आधा दर्जन अपराधी गिरफ्तार व कैश व सामान जप्त


