Ranchi : धुर्वा के होटवासी में नवनिर्मित चार मंदिरों में प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान का चौथा दिन गुरुवार को गाजे-बाजे के साथ मनाया गया। नगर परिक्रमा में मोहल्लेवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पुरुष और महिलाएं दोनों ही उत्साहपूर्वक भगवान की प्रतिमाओं के साथ इस आयोजन में शामिल हुए। नगर परिक्रमा की शुरुआत छोटे प्रारूप में तैयार सभी देवी-देवताओं की प्रतिमाओं को टुंडुल की दो मंदिरों में ले जाकर पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद यह 32 एकड़ स्थित मुख्य मंदिर और महुआटोली होते हुए होटवासी गांव के दो अन्य मंदिरों में ले जाई गई।

वाराणसी से आए पंडित ललन प्रसाद तिवारी के नेतृत्व में पुजारियों ने बताया कि दिन की शुरुआत अन्नाधिवास से भगवान को जगाकर की गई। इसके बाद सभी प्रतिमाओं का देव स्नान कराया गया और फिर उनका मनोरम श्रृंगार किया गया। शाम को सभी प्रतिमाओं का शैयाधिवास कराया गया।

भक्तों के लिए प्रसाद वितरण भी किया गया। गुरुवार को खीर प्रसाद का वितरण हुआ और इसके बाद जागरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। शुक्रवार को प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान पूर्ण होने के बाद हवन और आरती का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही भक्तों में भोग वितरण भी किया जाएगा और जागरण का कार्यक्रम जारी रहेगा। नगर परिक्रमा और प्रतिमा पूजन में भाग लेने वाले मोहल्लेवासी इसे एक धार्मिक और सांस्कृतिक उत्सव के रूप में मान रहे हैं।


Also Read : मेयर प्रत्याशी रौशनी खलखो पर आचार संहिता उल्लंघन का आरोप, निर्वाचन आयोग से शिकायत


