Ranchi : झारखंड में इस साल खाली होने वाली राज्यसभा की दो सीटों को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के.राजू ने इंडिया गठबंधन की ओर से एक सीट पर दावेदारी जताई, जिससे राजनीतिक हलचल और बढ़ गई है। बजट सत्र के बाद सभी दल इन सीटों पर जीत पक्की करने की रणनीति बनाने में जुटेंगे।
किन सीटों पर होगा चुनाव
इन दोनों सीटों में से एक सीट पूर्व में दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन (चार अगस्त, पिछले साल) के बाद खाली हुई है। दूसरी सीट भाजपा नेता दीपक प्रकाश के कार्यकाल समाप्त होने के बाद खाली होगी। ऐसे में सत्ताधारी दल झामुमो और कांग्रेस तथा मुख्य विपक्षी दल भाजपा की नजरें इन दोनों सीटों पर टिकी हुई हैं।
पहली सीट पर झामुमो की जीत लगभग तय
राज्यसभा के चुनाव में किसी भी उम्मीदवार को जीत के लिए 27 या उससे अधिक प्रथम वरीयता वाले वोट की जरूरत होती है। विधानसभा में झामुमो के सदस्यों की संख्या 34 है। इसलिए पहली सीट पर झामुमो की जीत लगभग पक्की मानी जा रही है।
दूसरी सीट पर कड़ी टक्कर
दूसरी सीट पर मुकाबला थोड़ा जटिल होगा। जीत के लिए पार्टियों को आपस में राजनीतिक रस्साकशी करनी पड़ेगी। विधानसभा में भाजपा के 21, कांग्रेस के 16, राजद के 4, भाकपा-माले के 2, आजसू के 1, जदयू के 1 और लोजपा (आर) के 1 सदस्य हैं। इन आंकड़ों के आधार पर दूसरी सीट पर जीत सुनिश्चित करना किसी भी दल के लिए आसान नहीं होगा। राज्यसभा चुनाव से पहले सभी दलों में गठजोड़ और राजनीतिक समीकरण को लेकर खुफिया रणनीतियां चल रही हैं। राजनीतिक माहौल गर्म है और झारखंड की राजनीति के समीकरण बदल सकते हैं।
Also Read : पैरों की फटी एड़ियों से परेशान? जानें आसान तरीके उन्हें मुलायम रखने के

