Johar Live Desk : भारत के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पेट की समस्या के कारण दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अभिषेक पिछले दो दिनों से अस्पताल में हैं और कल यानी गुरुवार को नामीबिया के खिलाफ मैच खेलना मुश्किल लग रहा है। BCCI के एक सूत्र ने बताया कि उनकी पेट की समस्या की जांच की जा रही है और अभी यह साफ नहीं है कि उन्हें आज छुट्टी मिलेगी या नहीं।
मुंबई में भी थी परेशानी
अभिषेक को पेट की दिक्कत पहले से थी। मुंबई में अमेरिका के खिलाफ मैच के दौरान वे बल्लेबाजी के लिए आए, लेकिन पहली ही गेंद पर आउट हो गए। फील्डिंग के लिए मैदान पर नहीं उतरे। तब असिस्टेंट कोच रयान टेन डोशेट ने कहा था कि अभिषेक पेट की परेशानी से उबर रहे हैं और उम्मीद है कि दो दिन में अगले मैच के लिए उपलब्ध हो जाएंगे।
सैमसन और ईशान करेंगे ओपनिंग
अगर अभिषेक नामीबिया के खिलाफ फिट नहीं हो पाते हैं, तो टीम के पास संजू सैमसन और ईशान किशन से ओपनिंग कराने का विकल्प है। याद दिला दें, न्यूजीलैंड के खिलाफ खराब प्रदर्शन के बाद संजू को विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में ईशान ने रिप्लेस किया था। टेन डोशेट ने मंगलवार को कहा, “हम अभिषेक की फिटनेस का इंतजार कर रहे हैं। उनकी उपलब्धता के आधार पर टीम में बदलाव हो सकते हैं।”
बुमराह और वॉशिंगटन भी वापस
अच्छी खबर यह है कि जसप्रीत बुमराह नामीबिया के खिलाफ मैच खेलने के लिए तैयार हैं। बीमारी के कारण वे अमेरिका के खिलाफ पहला मैच नहीं खेल पाए थे। मंगलवार को दिल्ली में टीम के अभ्यास सत्र में बुमराह ने पूरी रफ्तार से गेंदबाजी की।
ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर भी न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में लगी साइड स्ट्रेन से उबरकर टीम में वापस आ गए हैं। उन्होंने नेट्स में गेंदबाजी की और थ्रोडाउन पर बल्लेबाजी का भी अभ्यास किया।
Also Read : गिरिडीह में तमिलनाडु CID ने मारा छापा, करोड़ों के घोटाले का फरार आरोपी गिरफ्तार


