Pakur : जिले की पुलिसिंग अब पहले से ज्यादा तेज और चुस्त होने वाली है। राज्य सरकार की ओर से मिले 11 नए पेट्रोलिंग बोलेरो वाहनों को बुधवार को समाहरणालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस मौके पर उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी मौजूद रहे। पारंपरिक तरीके से नारियल फोड़कर वाहनों को विभिन्न थाना क्षेत्रों के लिए भेजा गया।
पुलिस को मिली नई ताकत
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए यह एक अहम कदम है। उन्होंने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि प्रशासन लगातार इस कोशिश में है कि आम लोगों को सुरक्षित माहौल मिले।
उन्होंने साफ कहा कि नए वाहन आने से पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ेगी और किसी भी घटना पर प्रतिक्रिया देने में लगने वाला समय कम होगा।
अब दूर-दराज इलाकों तक पहुंचेगी पुलिस
पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने भी इसे बड़ी राहत बताया। उन्होंने कहा कि अब सिर्फ शहर ही नहीं, बल्कि दूरस्थ गांवों में भी पुलिस की पहुंच और तेज होगी। उनके मुताबिक, कई बार वाहन की कमी के कारण पेट्रोलिंग में दिक्कत आती थी, लेकिन अब हालात बदलेंगे। नई गाड़ियों से पुलिस ज्यादा सक्रिय दिखेगी और इलाके में निगरानी भी बढ़ेगी।
पेट्रोलिंग होगी तेज, अपराधियों पर नकेल
नए वाहनों के साथ पुलिस की गश्ती व्यवस्था और मजबूत होगी। इससे संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना आसान होगा और अपराध होने की स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सकेगी। अधिकारियों का मानना है कि इससे अपराधियों में डर बढ़ेगा और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा भी मजबूत होगा।
आम लोगों को मिलेगा सीधा फायदा
प्रशासन का कहना है कि इन संसाधनों का सबसे बड़ा फायदा आम जनता को मिलेगा। किसी भी आपात स्थिति में पुलिस अब और तेजी से मौके पर पहुंच सकेगी। जिले में शांति और सुरक्षा बनाए रखने में यह कदम काफी मददगार साबित होने की उम्मीद है।
Also Read : शिष्टाचार मुलाकात में दिखा विकास का विजन, CM ने भेंट की खास पुस्तकें

