Patna : बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को पटना में होली का जश्न धूमधाम से मनाया। बेली रोड स्थित चटकारा फूड कोर्ट में आयोजित कार्यक्रम रंग, गुलाल और संगीत के माहौल में रंग गया। मंच पर नितिन नवीन ने ‘राम खेले होली…’ गाने पर फूल बरसाए, तालियां बजाईं और कार्यकर्ताओं के साथ झूमते नजर आए। पूरे कार्यक्रम में उत्साह और उमंग देखने को मिला।
मोबाइल से फोटो खींचकर बांटी खुशी
कार्यक्रम के दौरान मंच के नीचे खड़ी महिलाओं ने नितिन नवीन से फोटो खिंचवाने की गुजारिश की। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “अपना मोबाइल दीजिए, मैं ऊपर से ही खींच देता हूं।” उनकी इस सहजता पर लोग खुश हुए और कई कार्यकर्ताओं ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया।
होली पर गाना, भाषण नहीं
मंच से नितिन नवीन ने छोटा सा संदेश भी दिया। बोले, “आज होली है। होली पर गाने सुनना चाहिए, भाषण नहीं।” इसके बाद उन्होंने लोगों से संगीत का आनंद लेने की अपील की। वे करीब 15-20 मिनट कार्यक्रम में मौजूद रहे, फिर आगे के कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए।
डिप्टी CM और अन्य नेता भी रहे मौजूद
कार्यक्रम में डिप्टी CM सम्राट चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और रविशंकर प्रसाद भी मौजूद रहे। नेताओं के जाने के बाद कार्यकर्ताओं ने जमकर डांस किया और कुर्ता फाड़ होली खेली। यहां तक कि कार्यकर्ताओं ने विधायक के कुर्ते भी फाड़कर होली की मस्ती में शामिल हुए।
Also Read : पलामू पुलिस ने दो बदमाशों को दबोचा, बिना नंबर की बाइक पर घूम रहे थे हथियार लेकर


