पलामू : यह सैलाब बता रहा कि मुंह ताकते रह जाएंगे विपक्षी : पीएम मोदी

Joharlive Team

रांची। झारखंड पुकारा, भाजपा दोबारा… झारखंड की सत्‍ता में बीजेपी की फिर से वापसी के लिए चुनावी रण में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा के लिए चुनावी शंखनाद कर रहे हैं। वे पलामू के चियांकी हवाई अड्डा मैदान में अपनी चुनावी जनसभा के जरिये वोटरों से मुखातिब हैं। पीएम मोदी की इस मेगा इंट्री से भाजपा ने खासी उम्‍मीदें बांध रखी है। मोदी ने भाजपा उम्‍मीदवारों को विजयी मंत्र दिया। पीएम की आज ही दूसरी सभा दोपहर एक बजे से गुमला में तय है। चियांकी हवाई अड्डा मैदान, डाल्टनगंज में बड़ी संख्या में आमजन पीएम मोदी को सुनने पहुंचे हैं।

भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इन जनसभाओं से अपने पक्ष में माहौल बनाने की तैयारी है। पीएम ने अपने इस रैली में वोटरों से भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की साथ ही भाजपा कार्यकर्ताओं में जान फूंका। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्विटर पर अपने संदेश में लिखा कि डालटनगंज और गुमला में दो चुनावी रैलियाें और महान झारखंड की महान जनता से मिलने को लेकर उत्‍साहित हूं।

पीएम ने कहा कि बंगाल, छतीसगढ़, राजस्‍थान में किसानों को पीएम किसान योजना का लाभ नहीं दिया जा रहा है। उनको लगता है कि किसान समृद्ध होंगे तो मोदी का जय-जयकार होगा। पीएम ने कहा कि झारखंड को लूटनेवाले और सेवा करनेवाले के बीच यह चुनाव है। वोट डालने से पहले इसे समझना बहुत जरूरी है कि किसने काम किया, किस मंशा से किया। भाजपा ने जो वादे किए, जो एलान‍ किए हम जमीन पर उतार रहे हैं।

पीएम ने कहा कि दूसरी सरकारें आएंगी तो वह केंद्र की याेजनाओं को लागू करने में आनाकानी करेगी। झारखंड के लिए गौरव की बात है कि उसने आयुष्‍मान भारत की लांचिंग कर पूरे देश को दिशा दी। डबल इंजन की सरकार में केंद्र और राज्‍य की योजनाओं का फायदा लोगों को अधिक मिलता है। उज्‍जवला योजना से देश के 8करोड़ लोगों को लाभ मिला। झारखंड के 37 लाख लोगाें को दूसरा सिलिंडर मुफ्त मिला। यही डबल फायदा है। पीएम किसान के साथ ही सीएम किसान आशीर्वाद योजना के जरिये डबल इंजन की सरकार ने आपके घर तक लाभ पहुंचाया। इससे विकास में निरंतरता होती है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भाजपा की सरकार ने यहां के खनिजों का बड़ा हिस्‍सा यहां के विकास के काम आ रहा है। मैं आपको विश्‍वास दिलाता हूं कि हम ऐसा एक गरीब भी नहीं रहने देंगे, जिसके पास अपना घर न हो। कहा कि सरकारें बदलती है तो क्‍या हाल होता है, मैं बता देता हूं। यूपी का उदाहरण देते हुए कहा कि जबतक पुरानी सरकार थी कागज पर घर बन रहे थे। जैसे योगी जी की सरकार बनी सबसे ज्‍यादा घर उत्‍तर प्रदेश में बन रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पहले शाम छह बजे जनजीवन थम जाता था। आज रात भर लोग सामान्‍य आवागमन कर रहे हैं। यह बड़ा बदलाव है। सरकार ने सबके लिए समृद्धि का रास्‍ता खोला है। पहले झारखंड में पिछले दरवाजे से सरकार बनती थी। यहां के विपक्षी दलों का एकमात्र उद्देश्‍य है सत्‍ता भोग। इसलिए एक बार फिर वे आपसे वोट मांग रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि झारखंड युवा अवस्‍था में है। इस दौरान यहां जो दिशा मिलेगी, उसका राज्‍य के भविष्‍य पर बड़ा प्रभाव पड़ेगा। बीते पांच वर्षों में यहां की भाजपा सरकार ने सामाजिक न्‍याय के पांच बड़े काम किए। सम्‍मान, सुरक्षा पर बड़े काम हुए। भाजपा ने झारखंड में भ्रष्‍टाचार खत्‍म करने के लिए दिन-रात काम किया। भाजपा ने समाज के हर आदमी का गौरव बढ़ाया। नक्‍सलवाद और अपराध से मुक्ति के लिए बेहतर प्रयास किया। आप याद कीजिए पांच साल पहले क्‍या स्थिति थी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यहां का एक-एक बच्‍चा कमल निशान के साथ खड़ा हैं। जब भाजपा का जनाधार इतना नहीं था, कांग्रेस के लोग हमारा मजाक उड़ाते थे। तब से झारखंड की भावना हमारे साथ रही। वर्ष 2014 और फिर 2019 में आपने फिर से व्‍यापक जनसमर्थन देकर हमारी सरकार बनाई। यहां के सैलाब से इस बार के चुनावी नतीजे प्रतिलक्षित हो रहे हैं। यहां फिर से भाजपा की सरकार बननी बहुत जरूरी है।