Hazaribagh : हजारीबाग के लोहसिंघना थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी मात्रा में अफीम जब्त कर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग एक करोड़ रुपए आंकी जा रही है। सदर एसडीपीओ अमित आनंद ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शहर के कोलघटी क्षेत्र में सफेद अपाचे बाइक पर सवार तीन युवक संदिग्ध बोरे लेकर घूम रहे हैं। सूचना मिलने के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया और इलाके में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
चेकिंग के दौरान कोलघटी के पास तीनों संदिग्धों को रोका गया। तलाशी लेने पर बाइक पर रखे बोरे से कुल 20.5 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही तीनों युवकों को गिरफ्तार कर बाइक को भी जब्त कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक कुमार दांगी, बरुण कुमार और सुदेश यादव के रूप में हुई है। सभी आरोपी चतरा जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र के निवासी हैं। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को संदेह है कि ये तीनों किसी बड़े अफीम तस्करी नेटवर्क का हिस्सा हो सकते हैं।
इस मामले में लोहसिंघना थाना में कांड संख्या 07/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और नशामुक्त हजारीबाग बनाने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे।
Also Read : 4,500 छात्रों की पढ़ाई सिर्फ 115 फैकल्टी के भरोसे, 191 पद रिक्त


