Bokaro : बोकारो जोन में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। आईजी सुनील भास्कर के निर्देश पर प्रक्षेत्र के अलग-अलग जिलों में Pratibimb App पर चिन्हित संदिग्ध मोबाइल नंबरों का सत्यापन किया गया। जांच के बाद जिन नंबरों की भूमिका संदिग्ध पाई गई, उनके खिलाफ विधि-सम्मत कार्रवाई करते हुए केस दर्ज किए गए और गिरफ्तारी भी हुई।
15 कांड दर्ज, 57 साइबर अपराधी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक एक अक्टूबर 2025 से 16 फरवरी 2026 के बीच Pratibimb App पर प्लॉट किए गए संदिग्ध मोबाइल नंबरों की गहन जांच की गई। इस दौरान कुल 15 साइबर कांड दर्ज किए गए। कार्रवाई के क्रम में 57 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों का कहना है कि ये लोग अलग-अलग जिलों में बैठकर फर्जी कॉल, बैंकिंग फ्रॉड, ओटीपी ठगी और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन से जुड़ी धोखाधड़ी में शामिल थे।
भारी मात्रा में मोबाइल और सिम कार्ड जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक और बैंकिंग से जुड़ी सामग्री बरामद की। जब्त सामानों में शामिल हैं:
- 132 मोबाइल फोन
- 168 सिम कार्ड
- 31 एटीएम कार्ड
- 7 बैंक पासबुक
- 3 बैंक चेकबुक
- 23 रजिस्टर और कॉपियां
- व्हाट्सएप चैट का डेटा
इसके अलावा 4 लाख 67 हजार रुपये नगद भी बरामद किए गए हैं।
वाहन और फर्जी दस्तावेज भी मिले
साइबर गिरोह के पास से 3 चारपहिया और 7 दोपहिया वाहन भी जब्त किए गए। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ आरोपी फर्जी या दूसरों के दस्तावेजों का इस्तेमाल कर बैंक खाते और सिम कार्ड संचालित कर रहे थे। बरामद दस्तावेजों में 3 आधार कार्ड, 8 पैन कार्ड, 1 श्रम कार्ड, 1 वोटर कार्ड और 1 ड्राइविंग लाइसेंस शामिल हैं।
Pratibimb App से मिल रही बड़ी मदद
आईजी भास्कर का कहना है कि Pratibimb App के जरिए संदिग्ध मोबाइल नंबरों की ट्रैकिंग और सत्यापन में काफी मदद मिल रही है। इसी तकनीकी सहयोग के कारण इतने कम समय में बड़ी संख्या में साइबर अपराधियों को पकड़ा जा सका। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या ओटीपी शेयर करने से बचें और साइबर ठगी की शिकायत तुरंत नजदीकी थाने या साइबर हेल्पलाइन पर दर्ज कराएं।
Also Read : झारखंड में बच्चा चोरी की अफवाह से भड़क रही भीड़, अब तक आधा दर्जन से ज्यादा मामले आए सामने


