Ranchi : 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2026 के अवसर पर रविवार को राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन रांची के आर्यभट्ट सभागार में किया गया। राज्य निर्वाचन आयुक्त झारखंड, अलका तिवारी ने सभी राज्यवासियों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि लोकतंत्र का आधार मतदाता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाताओं को जागरूक और सतर्क होना जरूरी है।
तिवारी ने बताया कि इस वर्ष राष्ट्रीय मतदाता दिवस का थीम “My India My Vote” और टैगलाइन “Indian Citizen at the Heart of Indian Democracy” है। उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराएं और अपने मताधिकार का उपयोग करें। राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि झारखंड में मतदाता सूची का अद्यतनीकरण एक सतत प्रक्रिया है। इस दिशा में 2886 Electoral Literacy Club (ELC) और प्रत्येक मतदान केंद्र पर चुनाव पाठशाला स्थापित की गई है। इसके अलावा, 966 वोटर अवेयरनेस फोरम मतदाता जागरूकता बढ़ाने में काम कर रहे हैं।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, के रवि कुमार, ने कहा कि लोकतंत्र में वोट देने के लिए मतदाता सूची में नाम होना जरूरी है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे बीएलओ या वोटर हेल्पलाइन ऐप के माध्यम से अपनी जानकारी अपडेट कराएं। उन्होंने बताया कि झारखंड में गहन पुनरीक्षण के दौरान बीएलओ घर-घर जाएंगे और मतदाता के मकान पर स्टीकर चिपकाएंगे, जिसमें बीएलओ का नंबर और मकान संख्या होगी। इस अवसर पर मुख्य चुनाव आयुक्त, ज्ञानेश कुमार द्वारा राष्ट्रीय मतदाता दिवस के संदेश को दिखाया गया। डीसी मंजूनाथ भजंत्री, ने समापन भाषण दिया और संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, सुबोध कुमार, ने मतदाता शपथ का पाठ कराया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ, युवा और ट्रांसजेंडर मतदाताओं को सम्मानित किया गया। वरिष्ठ मतदाता के रूप में समदुलारी देवी, गीता मित्रा, एनीमुल्लाह, युवा मतदाता के रूप में अर्चित कुमार गोयल, सौरभ कुमार, अनुष्का गुप्ता, नेहा कुमारी, करण कुमार साहू, और ट्रांसजेंडर मतदाता के रूप में नगमा रानी, गुड्डू सिंह को सम्मानित किया गया। साथ ही, 2025 में उत्कृष्ट कार्यों के लिए विभिन्न जिला और उप निर्वाचन पदाधिकारियों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर चुनाव अधिकारियों, एनएसएस कैडेट, परिवारजन, युवा, वरिष्ठ, दिव्यांग और ट्रांसजेंडर मतदाता उपस्थित थे।
Also Read : युवाओं को मतदान से जोड़ने की पहल, चाईबासा में हुआ राष्ट्रीय मतदाता दिवस कार्यक्रम


