Jamshedpur : पोटका थाना में पदस्थापित नवनियुक्त चौकीदार ज्योतिका हेंब्रम की अज्ञात अपराधियों ने बेरहमी से हत्या कर दी। यह घटना थाना से करीब एक किलोमीटर दूर बड़ासिगदी गांव के पास मुख्य सड़क पर हुई। आरोपियों ने हत्या के बाद मामले को सड़क दुर्घटना दिखाने का प्रयास किया। जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार को लगभग ढाई बजे की है। पोटका थाना को पहले सड़क हादसे की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही थानेदार मनोज कुमार मुर्मू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर ज्योतिका हेंब्रम का शव सड़क किनारे औंधे मुंह पड़ा मिला। वह खून से सना हुआ था। शव की हालत देखकर साफ हुआ कि उनकी हत्या धारदार हथियार से गला रेतकर की गई है। पुलिस को आशंका है कि हत्या के बाद शव को सड़क पर डालकर इसे दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों को दबोचने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में छानबीन कर रही है और सभी पहलुओं से जांच में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है और स्थानीय लोग दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Also Read : रांची में नवविवाहिता की संदिग्ध मौ’त, ह’त्या या आ’त्मह’त्या… जांच में जुटी पुलिस


