Gumla : गुमला जिले के पालकोट प्रखंड में मंगलवार को एक गैस टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में चालक की मौत हो गई, जबकि उपचालक सुरक्षित बच गया। यह दुर्घटना बंगरू हरजोड़ा के पास हुई। मृतक चालक की पहचान नालंदा, बिहार निवासी 40 वर्षीय अजय कुमार सिंह के रूप में हुई है। टैंकर के उपचालक 23 वर्षीय कुणाल कुमार सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई।
घटना की सूचना मिलते ही पालकोट पुलिस के एसआई देवनाथ महतो मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल गुमला भेज दिया और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, टैंकर रांची से गैस लोड कर झारसुगुड़ा, ओडिशा जा रहा था। उपचालक कुणाल कुमार ने बताया कि दुर्घटना तीखे मोड़ पर हुई। स्थानीय लोग बताते हैं कि यह मोड़ खतरनाक है और यहां अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। वे बिहार से गुमला के लिए रवाना हो चुके हैं। गुमला पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कर उन्हें सौंपा जाएगा। अजय कुमार सिंह अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं।
Also Read : गुवा सेल में फिर रेल हादसा, नई पटरी पर भी उतरी मालगाड़ी
Also Read : IPL 2026 मिनी ऑक्शन: कैमरन ग्रीन बने सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी


