Patna : पटना जू में अगले साल मार्च तक कई नए जानवर देखने को मिल सकते हैं। इसके लिए रांची, दिल्ली और चेन्नई के चिड़ियाघरों के साथ एनिमल एक्सचेंज प्रोग्राम चल रहा है। इन जू से गौर, स्वैम्प डियर और कुछ अन्य प्रजातियों को पटना लाने की तैयारी है।
इसके बदले पटना जू घड़ियाल और भेड़िए देगा, क्योंकि इनकी संख्या यहां बहुत ज्यादा हो गई है और बाड़ों की व्यवस्था में भी समस्या आने लगी है। तीनों चिड़ियाघरों से जानवरों के एक्सचेंज को लेकर बातचीत चल रही है।
पटना जू घड़ियाल प्रजनन का सफल केंद्र माना जाता है। जून में यहां एक साथ 60 घड़ियाल के बच्चे पैदा हुए थे। फिलहाल जू में करीब 200 घड़ियाल मौजूद हैं। इसके अलावा फरवरी में 12 ग्रे वुल्फ (भेड़िए) का जन्म भी हुआ था। पहली बार यह प्रजाति 2014 में मैसूर और बाद में वंदालुर जू से लाई गई थी।
इसके साथ ही राजगीर जू सफारी के बब्बर शेर को पटना जू में लाने की तैयारी भी शुरू हो गई है। यह शेर गुजरात से लाया गया है। बब्बर शेर की नस्ल मजबूत मानी जाती है और इसे पटना जू की विशेष आकर्षण के रूप में रखा जाएगा। इसके लिए दिल्ली की सेंट्रल जू अथॉरिटी (CZA) से अनुमति ली जा रही है। अनुमति मिलने के बाद शेर को पटना जू भेजा जाएगा।
बब्बर शेर को रखने के लिए नया केज बनाया जा रहा है, जिसमें लोहे की जाली की जगह ग्लास लगाया जाएगा, ताकि दर्शक शेर को आसानी से देख सकें।
Also Read : सोने की कीमतों में तेजी, दिल्ली में 24 कैरेट गोल्ड 130090 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंचा


