New Delhi : दिल्ली के लीला होटल में हरियाणा के ओलिंपिक गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा और हिमानी मोर का तीसरा ग्रैंड रिसेप्शन आयोजित किया गया। इस समारोह में कुल 150 खास मेहमान शामिल हुए।
रिसेप्शन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पहुंचे। नीरज-हिमानी ने उनके पैर छूकर उनसे आशीर्वाद लिया। पीएम मोदी ने जोड़े को उपहार स्वरूप भगवान श्रीराम की मूर्ति भी भेंट की। परिवार के सदस्य भी प्रधानमंत्री के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लेते नजर आए और उनके साथ फोटो खिंचवाई।
इस हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को भी आमंत्रित किया गया था, लेकिन वे शामिल नहीं हो सके। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और सभी मेहमानों को प्रोटोकॉल के तहत ही प्रवेश मिला।
नीरज और हिमानी की शादी 19 जनवरी 2025 को एक प्राइवेट फंक्शन में सोलन के रिसॉर्ट में हुई थी। इसके बाद उन्होंने दिल्ली में तीसरा रिसेप्शन रखा। दिल्ली पार्टी शाम 7 बजे शुरू होकर रात साढ़े 11 बजे तक चली।
कार्यक्रम का संचालन हिसार की अल्पना सुहासिनी ने किया। उन्होंने जोड़े के लिए कविता पढ़कर माहौल को और भावुक और यादगार बना दिया।
रिसेप्शन में हरियाणा के बॉक्सर विजेंदर सिंह और स्टेज एप के फाउंडर विनय सिंघल, प्रवीण सिंघल, शशांक वैष्णव भी शामिल हुए और नीरज-हिमानी के साथ फोटो खिंचवाई। जोड़े ने इस मौके पर मैचिंग ब्लैक ड्रेस पहनी थी।


