Johar Live Desk : भारत के पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू ने स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को लेकर बड़ा बयान दिया है। सिद्धू ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए कोहली की तारीफ की और उनके टेस्ट क्रिकेट से संन्यास पर अपनी भावनाएं जाहिर कीं।
नवजोत सिंह सिद्धू ने इंस्टाग्राम पर लिखा कि अगर भगवान उन्हें एक इच्छा मांगने का मौका दें, तो वह विराट कोहली को उनके रिटायरमेंट से वापस लाकर दोबारा टेस्ट क्रिकेट खेलते देखना चाहेंगे। उन्होंने कहा कि कोहली की वापसी से देश के करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों को सबसे ज्यादा खुशी और जोश मिलेगा। सिद्धू ने कोहली की फिटनेस की भी सराहना करते हुए कहा कि वह आज भी 20 साल के खिलाड़ी जैसे फिट हैं। सिद्धू की यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और क्रिकेट प्रशंसकों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
View this post on Instagram
गौरतलब है कि विराट कोहली टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और फिलहाल सिर्फ वनडे क्रिकेट खेल रहे हैं। कोहली ने टेस्ट क्रिकेट में 123 मैचों में 9230 रन बनाए हैं, जिसमें 30 शतक शामिल हैं। वहीं वनडे क्रिकेट में उन्होंने 308 मैचों में 14,557 रन बनाए हैं और 53 शतक जड़े हैं। टी20 अंतरराष्ट्रीय में कोहली के नाम 4188 रन दर्ज हैं। नवजोत सिंह सिद्धू, जो खुद भारत के लिए टेस्ट और वनडे क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं, का मानना है कि विराट कोहली जैसे खिलाड़ी की टेस्ट क्रिकेट में मौजूदगी भारतीय क्रिकेट के लिए बेहद खास होती।
Also Read : मंदिर परिसर के बाहर दो मोटरसाइकिलों में लगाई गई आग


