Ranchi : झारखंड और बिहार की प्रमुख कंस्ट्रक्शन कंपनी रामकृपाल सिंह कंस्ट्रक्शन के चेयरमैन रामकृपाल सिंह का आज सुबह निधन हो गया। वे पिछले करीब 15 दिनों से बीमार चल रहे थे और पटना के पारस अस्पताल में इलाजरत थे। 87 वर्ष की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली।
रामकृपाल सिंह मूल रूप से बेगुसराय जिले के रामदिरी गांव के निवासी थे। रांची के चेशायर होम रोड में भी उनका आवास था। उनके निधन की खबर मिलते ही झारखंड और बिहार के निर्माण जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
परिवार में उनके दो पुत्र सुधीर कुमार और रंजन कुमार, एक पुत्री, दो पोते और दो पोतियां हैं। उनका अंतिम संस्कार आज दोपहर दो बजे बेगुसराय स्थित उनके पैतृक गांव में किया जाएगा।
रामकृपाल सिंह ने वर्ष 1973 में कंस्ट्रक्शन के क्षेत्र में कदम रखा था। मेहनत और दूरदर्शिता के बल पर उन्होंने वर्ष 2003 में कंपनी को प्राइवेट लिमिटेड का रूप दिया। उनकी कंपनी सड़क, रेलवे, भवन निर्माण और खनन जैसे बड़े बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का काम करती रही है।
रामकृपाल सिंह कंस्ट्रक्शन ने रांची में झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम, बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, हाई कोर्ट, विधानसभा, समाहरणालय भवन सहित कई प्रमुख सड़कों का निर्माण किया है। हाल ही में एसबीआई की ओर से जारी सूची में कंपनी को देश की शीर्ष 10 कंस्ट्रक्शन कंपनियों में स्थान मिला था। साथ ही झारखंड बिल्डर्स एसोसिएशन ने कंपनी को ‘कॉन्ट्रैक्टर ऑफ द ईयर’ के सम्मान से नवाजा था।


