Ranchi : रांची रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी में एक यात्री चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान फिसलकर प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच जा गिरा। कुछ सेकंड के भीतर ही वह ट्रेन के साथ घिसटने लगा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के वक्त प्लेटफॉर्म पर मौजूद आरपीएफ कांस्टेबल गौरव ने बिना समय गंवाए तेजी से कार्रवाई की। उन्होंने अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत यात्री को खींचकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। आसपास खड़े यात्रियों ने भी राहत की सांस ली और जवान की सराहना की।
धनबाद के रहने वाले हैं घायल यात्री
बचाए गए यात्री की पहचान मोहम्मद नसरुद्दीन (61 वर्ष), निवासी पाथाडीह, धनबाद के रूप में हुई है। वे Train 13320 Express से रांची से धनबाद जा रहे थे। घटना में उन्हें हल्की चोटें आईं, जिसके बाद मौके पर प्राथमिक उपचार दिया गया।
“ऑपरेशन जीवन रक्षा” के तहत तत्परता
आरपीएफ पोस्ट रांची द्वारा “ऑपरेशन जीवन रक्षा” के तहत लगातार यात्रियों की सुरक्षा को लेकर जागरूकता और सतर्कता बरती जा रही है। कमांडेंट पवन कुमार के निर्देश पर जवान मुस्तैदी से ड्यूटी निभा रहे हैं। इसी सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की वजह से एक बड़ी अनहोनी टल गई।
Also Read : बोकारो-हजारीबाग के बाद अब रांची में ट्रेजरी घोटाला, दो कर्मियों ने मिलकर लगाया 3 करोड़ का चूना


