Ranchi : रांची में सरकारी धन के गबन का एक बड़ा मामला सामने आया है। पशुपालन विभाग के तहत कांके स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ एनिमल हेल्थ एंड प्रोडक्शन में ट्रेजरी के जरिए करीब 3 करोड़ रुपये की फर्जी निकासी का खुलासा हुआ है। मामले में कोतवाली थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है और पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रेजरी से निकासी के दौरान बड़े स्तर पर गड़बड़ी की गई। फर्जी बिल तैयार किए गए, दस्तावेजों में हेरफेर किया गया और संदिग्ध भुगतान के जरिए सरकारी राशि निकाल ली गई। इस घोटाले की शिकायत मिलने के बाद जिला प्रशासन ने जांच शुरू की, जिसमें करीब 3 करोड़ रुपये की अनियमितता की पुष्टि हुई।
दो कर्मियों पर मुख्य आरोप
जांच रिपोर्ट के अनुसार, इस घोटाले में दो कर्मियों की मुख्य भूमिका सामने आई है। अकाउंटेंट मुनिन्द्र कुमार पर अपने दो बैंक खातों में करीब 1.52 करोड़ रुपये ट्रांसफर करने का आरोप है। वहीं संजीव कुमार के खाते में करीब 1.41 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए जाने की बात सामने आई है।
कुबेर पोर्टल से छेड़छाड़ कर निकाली राशि
जांच में यह भी पता चला है कि आरोपियों ने वित्तीय वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 के दौरान ‘कुबेर पोर्टल’ पर वेतन बिल में छेड़छाड़ की। अपने वेतन को गलत तरीके से बढ़ाकर दिखाया गया और तय सीमा से अधिक रकम सरकारी खजाने यानी रांची जिला कोषागार से निकाल ली गई।
जांच में मिले पुख्ता सबूत
मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची डीसी के निर्देश पर जांच टीम गठित की गई थी। टीम ने 13 अप्रैल को अपनी रिपोर्ट सौंपी, जिसमें 67 पन्नों के दस्तावेजी साक्ष्य शामिल हैं। रिपोर्ट में साफ तौर पर कहा गया है कि दोनों कर्मियों ने मिलकर नियमों को दरकिनार करते हुए करोड़ों रुपये का गबन किया।
कानूनी कार्रवाई शुरू
कार्यकारी मजिस्ट्रेट मो. जफर हसनात ने कोतवाली थाना प्रभारी को पत्र लिखकर दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों से पूछताछ जारी है। साथ ही विभाग से जुड़े दस्तावेजों की भी गहन जांच की जा रही है, ताकि इस घोटाले में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे और गिरफ्तारी भी हो सकती है। फिलहाल पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच की जा रही है।
Also Read : राहुल दुबे गैंग के दो गुर्गे हथियार के साथ गिरफ्तार, ओसम डेयरी में बरसाई थी गोलियां


