Patna : बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव तय हो गया है। एनडीए विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद सम्राट चौधरी ने लोक भवन पहुंचकर राज्यपाल से मुलाकात की और नई सरकार बनाने का दावा पेश किया। उनके साथ एनडीए के सभी घटक दलों के प्रमुख नेता भी मौजूद रहे। अब बुधवार सुबह 10:50 बजे लोक भवन में शपथ ग्रहण समारोह होगा, जिसमें सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
राजनीतिक मुलाकातों का दौर तेज
राज्यपाल से मुलाकात के बाद सम्राट चौधरी सीधे भाजपा नेता नितिन नवीन के आवास पहुंचे। यहां उनका गर्मजोशी से स्वागत हुआ और भाजपा नेताओं ने उन्हें लड्डू खिलाकर बधाई दी। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल दिखा। भाजपा कार्यालय में भी देर शाम तक बैठकों का दौर चलता रहा, जहां शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों को लेकर मंथन हुआ।
नीतीश के ‘सुशासन मॉडल’ को आगे बढ़ाने की बात
सम्राट चौधरी ने कहा कि उनके राजनीतिक जीवन में नीतीश कुमार का हमेशा मार्गदर्शन रहा है। उन्होंने कहा कि करीब 30 साल का उनका संबंध रहा है, जिसमें कई उतार-चढ़ाव भी आए, लेकिन आपसी सम्मान बना रहा। उन्होंने भरोसा जताया कि नीतीश कुमार द्वारा स्थापित विकास की राह को आगे बढ़ाया जाएगा।
नेताओं ने दी बधाई, जताया भरोसा
भाजपा के वरिष्ठ नेता मंगल पांडेय ने सम्राट चौधरी को नेता चुने जाने पर स्वागत करते हुए कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार के विकास में कई अहम अध्याय जोड़े हैं और उनका योगदान हमेशा प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि नई सरकार बिहार को आगे ले जाएगी। जदयू विधायक उमेश सिंह कुशवाहा ने भी कहा कि सम्राट चौधरी ‘विकसित बिहार’ के सपने को साकार करेंगे और 14 करोड़ लोगों की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार जैसे नेता युग में एक बार ही जन्म लेते हैं और उनका कोई विकल्प नहीं है।
शपथ ग्रहण में शामिल होंगे बड़े नेता
बुधवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। समारोह को लेकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं की समीक्षा लगातार की जा रही है।
Also Read : बिहार के नये मुख्यमंत्री होंगे सम्राट चौधरी, 15 अप्रैल को लेंगे शपथ


