Ranchi : रांची में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस लगातार सतर्क है। इसी क्रम में 13 अप्रैल की रात को मिली गुप्त सूचना के आधार पर मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से एक लोडेड पिस्टल, दो जिंदा गोली, दो मोबाइल फोन और एक काली स्कॉर्पियो बरामद की गई है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने लगाया चेकिंग पॉइंट
रांची एसएसपी राकेश रंजन को सूचना मिली थी कि काले रंग की स्कॉर्पियो से कुछ अपराधकर्मी हथियार के साथ खलारी से मैक्लुस्कीगंज की ओर जा रहे हैं और किसी घटना को अंजाम दे सकते हैं। इसके बाद मैक्लुस्कीगंज थाना के गश्ती दल को सतर्क करते हुए वाहन चेकिंग लगाने का आदेश दिया गया।
चिनाटांड के पास रोकी गई स्कॉर्पियो
मिली सूचना के आलोक में मैक्लुस्कीगंज थाना के एसआई डेगन कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल के साथ चिनाटांड के पास वाहन चेकिंग शुरू की गई। इसी दौरान रात करीब एक बजे एक काले रंग की स्कॉर्पियो वहां आती दिखाई दी, जिसे पुलिस ने रोककर जांच की।
गाड़ी में सवार थे दो युवक
जांच के दौरान स्कॉर्पियो में दो व्यक्ति सवार पाए गए। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम रूष्तम अंसारी उर्फ सोनू और मो जैद अंसारी उर्फ अरमान अंसारी बताया। दोनों का पता जेहलीटांड, थाना खलारी, जिला रांची बताया गया।
तलाशी में कमर से मिला लोडेड पिस्टल
पुलिस द्वारा जब रूष्तम अंसारी की तलाशी ली गई तो उसके कमर में खोंसा हुआ 7.65 एमएम का लोडेड पिस्टल बरामद हुआ। पिस्टल के मैगजीन में 02 जिंदा गोली भी पाए गए।
हथियार खरीद फरोख्त की कबूली बात
पुलिस पूछताछ में दोनों युवकों ने बताया कि वे हथियार लेकर बालूमाथ में एक शादी समारोह में जा रहे थे। इसके साथ ही उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि वे अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री का काम करते हैं।
अन्य अपराधियों की तलाश में छापेमारी जारी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवकों ने हथियार खरीदने-बेचने वाले कुछ अन्य लोगों और अपराधियों के बारे में जानकारी दी है। पुलिस के अनुसार उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बनाकर छापेमारी की जा रही है।
Also Read : रांची स्टेशन पर बड़ा हादसा टला, RPF की सतर्कता से बची यात्री की जान (VIDEO)


