Ranchi : रांची जिले के नामकुम स्थित चंदाघासी के चुरू गांव में अब रसोई का तरीका बदल गया है। यहां करीब 20 परिवार गोबर गैस से खाना बना रहे हैं। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की पहल से गांव में बायोगैस प्लांट तैयार किए गए हैं, जिससे लोगों को सस्ती और आसानी से मिलने वाली गैस का फायदा मिल रहा है।
एलपीजी की झंझट खत्म, गांव में खुद की गैस
गांव के लोगों का कहना है कि पहले एलपीजी सिलेंडर पर काफी खर्च होता था और कई बार समय पर गैस भी नहीं मिलती थी। अब गोबर गैस से यह परेशानी खत्म हो गई है। ग्रामीण बताते हैं कि “अब मवेशियों के गोबर से ही गैस बन रही है, सिलेंडर भरवाने का झंझट नहीं रहा।”
किन्हें मिल रहा है योजना का लाभ
विभाग के अनुसार इस योजना का फायदा उन्हीं परिवारों को दिया जा रहा है जो पशुपालन करते हैं। इसके लिए कम से कम 4 से 5 मवेशी होना जरूरी है, ताकि नियमित रूप से गोबर मिल सके और गैस बनती रहे। चुरू गांव में एलपीजी की कमी के बीच यह योजना लोगों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई है।
गैस के साथ मिल रही जैविक खाद
इस बायोगैस प्लांट की खास बात यह है कि इससे सिर्फ गैस ही नहीं, बल्कि जैविक खाद भी तैयार हो रही है। इससे किसानों को खेतों में फायदा मिल रहा है और रासायनिक खाद पर निर्भरता कम हो रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह योजना गांव की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ पर्यावरण को भी सुरक्षित रखने में मदद कर रही है।
कम गोबर में भी हो रहा काम
ग्रामीणों के मुताबिक 10 किलो गोबर डालने पर करीब 30 मिनट तक 20 घरों में चूल्हा जल जाता है। वहीं 50 किलो गोबर से 2 से 3 घंटे तक गैस मिलती है। यानी कम संसाधन में भी यह सिस्टम अच्छा काम कर रहा है।
100 रुपये में मेंटेनेंस, खर्च में बड़ी बचत
लाभुकों से प्लांट के रखरखाव के लिए हर महीने करीब 100 रुपये लिए जाते हैं। इसी से मरम्मत और देखभाल होती है। लोगों का कहना है कि पहले जहां हर महीने गैस सिलेंडर पर ज्यादा खर्च होता था, अब बहुत कम खर्च में काम चल रहा है।
स्वच्छता और आत्मनिर्भरता की ओर कदम
यह योजना स्वच्छ भारत मिशन और गोवर्धन योजना की तर्ज पर चलाई जा रही है। इसका मकसद गांवों में स्वच्छता बढ़ाना और वैकल्पिक ऊर्जा को बढ़ावा देना है। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता आनंद कुमार सिंह ने बताया कि आने वाले समय में इस योजना को और गांवों तक पहुंचाने की तैयारी है।
Also Read : रांची में हथियार तस्करी का खुलासा, मैक्लुस्कीगंज से लोडेड पिस्टल के साथ दो गिरफ्तार


