Johar Live Desk : छत्तीसगढ़ में नक्सल उन्मूलन अभियान को एक और बड़ी सफलता मिली है। बुधवार को छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा से लेकर कांकेर तक कुल 15 नक्सलियों ने हथियार डालकर मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया। आत्मसमर्पित नक्सलियों पर कुल मिलाकर 1 करोड़ रुपये से अधिक का इनाम घोषित था। इनमें कुख्यात नक्सली विनोद सैयाना भी शामिल है।
गढ़चिरौली : 11 नक्सलियों ने किया समर्पण
छत्तीसगढ़ के पखांजूर क्षेत्र से लगे गढ़चिरौली में 11 नक्सलियों ने महाराष्ट्र की डीजी रश्मि शुक्ला के सामने आत्मसमर्पण किया। इन सभी पर 89 लाख रुपये का इनाम था। समर्पण के दौरान नक्सलियों ने चार हथियार भी पुलिस को सौंपे। इनमें सबसे बड़ा नाम विनोद सैयाना का है, जिस पर 25 लाख रुपये का पुरस्कार घोषित था। यह सभी नक्सली लंबे समय से छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर सक्रिय थे।

कांकेर : 23 लाख के इनामी 4 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया
कांकेर में भी पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली। यहां 4 नक्सलियों ने एसपी आईके एलेसेला के सामने आत्मसमर्पण किया। इन सभी पर 23 लाख रुपये का इनाम घोषित था। आत्मसमर्पित नक्सलियों में दो पुरुष और दो महिला नक्सली शामिल हैं। कांकेर पुलिस के अनुसार, इन नक्सलियों में कंपनी नंबर 10 का एक सक्रिय सदस्य भी था। इसके अलावा, एक महिला नक्सली मदनवाड़ा नक्सली हमले में शामिल रही थी, जिसमें एसपी विनोद चौबे शहीद हुए थे। एसपी आईके एलेसेला ने पुनर्वास नीति के तहत चारों नक्सलियों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की।
Also Read : जमशेदपुर चोरीकांड का खुलासा: मास्टरमाइंड सहित चार गिरफ्तार, 14 लाख का सामान बरामद


