Jamshedpur : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के बाराद्वारी में 7 दिसंबर को अमित सोलंकी के घर हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने घटना के मास्टरमाइंड आलोक मुखी उर्फ़ सावन मुखी सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने चोरी किए गए सोने–चांदी के आभूषण, नकदी, स्कूटी, मोबाइल और अन्य सामान मिलाकर करीब 14 लाख रुपये की बरामदगी भी कर ली है।
एसएसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम ने सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना की मदद से सबसे पहले आलोक मुखी को पकड़ा। पूछताछ में उसने चोरी की घटना कबूल कर ली और बताया कि कुछ आभूषण उसने अपनी बहन ज्योति मुखी और जीजा धीरज तांती को बेचने के लिए दिए थे, जबकि बाकी सामान उसके घर में छिपा हुआ था। पुलिस ने दोनों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया, जहां उन्होंने भी अपराध में शामिल होने की बात मान ली।
पुलिस टीम ने ग्राहक बनकर आदित्यपुर और बड़ा गम्हरिया स्थित अनन्या ज्वेलर्स से चोरी का सोने का हार भी बरामद किया। इसके अलावा आरोपियों के ठिकानों से सोने–चांदी के गहने, 70 हजार रुपये नकद, स्कूटी, मोबाइल और वारदात के समय पहने कपड़े भी ज़ब्त किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों में आलोक मुखी, धीरज तांती, ज्योति मुखी और सुनील कुमार प्रसाद शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी आलोक और धीरज का आपराधिक इतिहास भी है। दोनों पहले भी अलग-अलग मामलों में जेल जा चुके हैं।


