Giridih : गिरिडीह में एक तेज रफ्तार ट्रक ने एक कार को टक्कर मार दी। गिरिडीह-पचंबा मुख्य मार्ग पर गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूल जा रहे एक शिक्षक की कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा पचंबा थाना क्षेत्र के वन विभाग कार्यालय के पास हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि कार चला रहे शिक्षक मदन कुमार रत्न को गंभीर चोट नहीं आई और वे सुरक्षित बच गए।
तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर, दूर तक सुनाई दी आवाज
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सुबह के समय सड़क पर सामान्य आवाजाही हो रही थी। तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक (NL-01K-2778) ने कार (JH-11AS-6524) को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग घबरा गए और मौके की ओर दौड़ पड़े। शिक्षक ने बताया कि ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी और टक्कर मारने के बाद भी चालक ने ब्रेक नहीं लगाया। ट्रक कार को दाईं ओर से कुछ दूर तक घसीटता ले गया।
स्थानीय लोगों ने दिखाई तत्परता
अचानक हुए हादसे से शिक्षक मदन कुमार रत्न घबरा गए। कार का पिछला और दायां हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। इसी बीच आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद की। उन्होंने कार का दरवाजा खोलकर शिक्षक को बाहर निकाला। लोगों की तत्परता की वजह से बड़ा हादसा टल गया।
हादसे के बाद ट्रक चालक फरार
टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पचंबा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को सड़क किनारे हटवाया और यातायात को सामान्य कराया। वाहन नंबर के आधार पर फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस छापेमारी कर रही है।
भारी वाहनों की रफ्तार पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि इस सड़क पर अक्सर ट्रक और बड़े वाहन तेज गति से चलते हैं, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर स्पीड कंट्रोल के लिए सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों। इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की रफ्तार पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Also Read : विधानसभा बजट सत्र का दूसरा दिन शुरू, कर्मचारियों की कमी पर उठे सवाल

